Home > अपना शहर ,
विद्यार्थी अपने को केवल किताबी ज्ञान तक ही सीमित न रखें : पवैया

ग्वालियर । विद्यार्थी अपने आपको पाठ्यक्रम तक ही सीमित न रखें। अन्य कलाओं में भी अपने को पारंगत करें। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने भी कहा था कि यदि शिक्षण संस्थान केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित रहकर विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला व सामाजिक सरोकार नहीं सिखाते, तो वे अधूरे नागरिकों का निर्माण कर रहे हैं। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने व्यक्त किए।
मंत्री पवैया शासकीय विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय के वार्षिक खेल-कूद पुरस्काेर वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि छात्राएँ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। मंत्री द्वय ने महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, राज्य एवं जिला स्तर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को इस अवसर पर ट्रॉफी एवं पुरस्कार वितरित किए। आरंभ में महाविद्यालय की खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस एवं योग छात्राओं ने आकर्षक मार्चपास्ट निकाला। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने लयबद्ध योग प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। पवैया ने छात्राओं का आहवान किया कि वे मस्तिष्क में ज्ञान, हाथ में कौशल और हृदय में वंदे मातरम् का मंत्र लेकर आगे बढ़ें और अपने महाविद्यालय व देश का गौरव बढ़ायें। साथ ही खुद को श्रेष्ठ नागरिक के रूप में स्थापित करें। उन्होंने छात्राओं से यह भी कहा कि आत्मविश्वास व साहस के बिना मनुष्य निर्जीव सदृश्य होता है। इसलिये आत्मविश्वास व हौसला रखकर जीवन पथ पर आगे बढ़ें।
मंत्री पवैया ने कहा कि विद्यार्थी साल भर परीक्षा में न उलझे रहें, इसलिये महाविद्यालयों के सामान्य पाठ्यक्रमें में सेमेस्टर प्रणाली समाप्त कर दी गई है। साथ ही छात्रों के मन में राष्ट्र प्रेम जगाने के मकसद से महाविद्यालयों में प्रतिदिन राष्ट्रध्वज फहराने का निर्णय भी सरकार ने लिया है। देश का स्वाभिमान बनाए रखने के लिये अब उपाधियाँ भारतीय वेशभूषा में दी जाने लगी हैं। उन्होंने इस अवसर पर भरोसा दिलाया कि विजयाराजे सिंधिया महाविद्यालय के विकास में और नए आयाम जोड़े जायेंगे।
मंत्री माया सिंह ने कहा कि शासकीय विजयाराजे कन्या महाविद्यालय में मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन में 4 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व एक करोड़ की लागत से प्रशासनिक भवन निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा के लिये धन की कमी आड़े नहीं आने देगी। उन्होंने खुशी जाहिर की कि इस महाविद्यालय की छात्रायें पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद में भी शहर व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि वैश्वीकरण के जमाने में हमारे प्रदेश की बेटियाँ भी आगे बढ़ें। इसके लिये प्रदेश सरकार ने कारगर योजनायें बनाई हैं।
कार्यक्रम में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रामकुमार दीक्षित, विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीतेश शर्मा, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला माहौर तथा श्रीमती सुमन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष कु. ज्योति गोस्वामी, उपाध्यक्ष कु. अलका तिवारी, सचिव कु. शानू राजावत व संयुक्त सचिव कु. एकता मेवाफरोश भी मौजूद थीं।

निधि व गीता को चैम्पियन गर्ल का खिताब
विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय की छात्रा कु. निधि बरैया व कु. गीता दास को कॉलेज की चैम्पियन गर्ल का संयुक्त खिताब दिया गया। बेस्ट स्पोर्ट्स गर्ल ऑफ द ईयर का पुरस्कार कु. गरिमा तिवारी को मिला। इनके अलावा कु. निधि पवैया, कु. नंदनी रजक, कु. आरती राणा, कु. अंजलि शर्मा, कु. रजनी राणा, कु. कामिनी यादव, कु. बबली सिंह, कु. राधा प्रजापति, कु. शानू राजावत, कु. सोनम शर्मा, कु. ऋचा राजावत, कु. पूजा व कु. आरती बाथम सहित विश्वविद्यालय व राज्य स्तर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंत्री द्वय ने ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही योग छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

गृह विज्ञान भवन का लोकार्पण भी किया

मंत्री द्वय जयभान सिंह पवैया एवं माया सिंह ने विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय में नवनिर्मित गृह विज्ञान भवन का लोकार्पण भी किया। इस भवन का निर्माण लगभग 34 लाख की लागत से किया गया है

Share This News :