Home > अपना शहर ,
जनसंपर्क अधिकारी भी सोशल मीडिया फ्रेंडली बनें – संभाग आयुक्त शर्मा

ग्वालियर। प्रचार-प्रसार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के साथ-साथ अब सोशल मीडिया की भूमिका भी बढ़ गई है। इसलिये सभी जनसंपर्क अधिकारी भी सोशल मीडिया फ्रेंडली बनें। जिससे सरकार की योजनायें तेजी से जन – जन तक पहुँच सकें। यह बात संभाग आयुक्त बी एम शर्मा ने कही। शर्मा बुधवार को यहाँ मानसभागार में सोशल मीडिया विषय पर आयोजित हुई जनसंपर्क अधिकारियों एवं सोशल मीडिया हैण्डलर की संभाग स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
संभाग आयुक्त शर्मा ने कहा कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा जनसंपर्क अधिकारियों को आधुनिक सूचना तकनीक से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद ग्वालियर – चंबल संभाग के सभी जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों से कहा कि वे सोशल मीडिया की बारीकियों को गहनता से समझें और प्रचार के इस नवीनतम माध्यम का जनहित में उपयोग करें।
संभागीय अपर संचालक जनसंपर्क जी एस मौर्य ने संभाग आयुक्त को जानकारी दी कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा संभाग आयुक्त, हर जिले के कलेक्टर व जनसंपर्क कार्यालय के अलग-अलग फेसबुक पेज और ट्विटर अकाउण्ट तैयार कराए गए हैं। साथ ही फेसबुक पेज एवं ट्विटर अकाउण्ट को हैण्डल करने के लिये हर जिले में सोशल मीडिया हैण्डलर रखे गए हैं। हाल ही में भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से जनसंपर्क अधिकारियों और सोशल मीडिया हैण्डलरों को प्रशिक्षित किया गया था। इसी कड़ी में संभाग स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालायें आयोजित की जा रही हैं।
संभागीय कार्यशाला में सोशल मीडिया का प्रशिक्षण देने के लिये भोपाल से सोशल मीडिया विशेषज्ञ मृगेन्द्र चतुर्वेदी व शिवम पाण्डेय आए थे।

Share This News :