Home > अपना शहर ,
भिंड में सोमवार शाम से कर्फ्यू, ग्वालियर में 10 अप्रैल को बंद का एलान

भिंड/ ग्वालियर। 10 अप्रैल मंगलवार को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भिंड कलेक्टर ने सोमवार शाम छह बजे से 10 तक रात तक जिले में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। इस दौरान सवारी वाहन पूरी तरह से बंद रहेंगे।

इधर ग्वालियर में रविवार सुबह शांति समिति की बैठक में सर्व समाज ने दो अप्रैल को हुई हिंसा पर रोष जताने के लिए 10 अप्रैल को बंद का आह्वान किया है। लेकिन किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। जिला प्रशासन ने ऐतिहयातन जिले में रविवार रात 10 बजे से मंगलवार रात 10 बजे तक 48 घंटे इंटरनेट सेवाएं बंद करने की घोषणा की है। कर्फ्यू को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है। स्कूलों में 10 को छात्रों के लिए अवकाश के आदेश जारी हो गए हैं। कॉलेजों में अवकाश के आदेश सोमवार को जारी हो जाएंगे।

भारत बंद के दौरान 2 अप्रैल को बिगड़ी कानून व्यवस्था से सबक लेते हुए भिंड जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गया है। 10 अप्रैल को बंद और आंदोलन की अफवाहों को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार शाम 6 बजे से 10 अप्रैल रात तक संपूर्ण जिले में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है।

डीआईजी चंबल सुधीर वी लॉड, कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और एसपी प्रशांत खरे ने सभी से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति के लिए कहा है। सोशल मीडिया पर कोई अफवाह न फैले, इसे देखते हुए रविवार रात से 10 अप्रैल की रात तक इंटरनेट सेवाएं बंद की जाएंगी। कर्फ्यू के दौरान सवारी वाहन नहीं चलेंगे।

ग्वालियर में शांति समिति की बैठक में हुआ बंद का आह्वान

10 अप्रैल को ग्वालियर बंद का आह्वान करने वाले चेहरे सामने आ गए हैं। लेकिन किसी भी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। रविवार सुबह एसपी आफिस में हुई शांति समिति की बैठक बुलाई गई। बैठक में एडीएम शिवराज वर्मा, एएसपी अमन सिंह राठौर व एएसपी दिनेश कौशल की मौजूदगी में शहर के प्रबुद्धजनों ने दो अप्रैल को शहर में हुई हिंसा पर रोष जताते हुए बंद का एलान किया।

ये बंद शहरवासियों, व्यापारियों व सर्व समाज का है। सर्व ब्राह्मण सनाढ्य के महेश मुद्गल ने बंद का समर्थन करते हुए सड़कों पर निकलने की घोषणा की। लेकिन अभी तक किसी भी संगठन ने बंद की जिम्मेदारी नहीं ली है। अभी तक बंद के लिए सिर्फ सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल किए जा रहे थे।

Share This News :