Home > अपना शहर ,
गोवर्धन योजना के संचालन के लिए मॉडल तैयार कराएं : कलेक्टर

ग्वालियर ।जितने भी प्रेरक हैं उन्हें सक्रिय बनाकर कार्य करवाना सुनिश्चित करें। प्रेरकों को अन्य विभागों की योजनाओं से जोड़कर कार्यों का संचालन हो। एक ऐसा सिस्टम तैयार कराएं, जिसमें समन्वय से कार्य किया जाए तथा प्रेरकों को इन्टेतन्सिव भी दिया जाए। यह बात कलेक्टर राहुल जैन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छ मिशन के संबंध में आयोजित बैठक में कही।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम, जिला पंचायत सीईओ शिवम वर्मा सहित जनपद सीईओ तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में सभी जनपद सीईओ, ब्लॉक कोर्डिनेटर एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी जिले में स्वच्छता का एक भाग पूरा हुआ है। इसमें ग्वालियर जिला ओडीएफ घोषित हुआ है। अभी इसके अन्य भागों जैसे सूखे व गीले कचरे का निस्तारण, जैविक कचरे से खाद बनाना, अपशिष्ट प्रबंधन, गंदे पानी की व्यवस्था आदि पर हमें सक्रिय होकर कार्य करना है। उन्होंने सभी समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में भ्रमण करें। उस क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं संसाधनों की उपयोगिता को समझें, तभी धरातल पर कार्यों को पहुँचाया जा सकता है।
उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि हमारे पास जो भी साधन संसाधन हैं, उनका उपयोग करते हुए कार्य करना है। सभी स्थानीय स्तर पर एक कार्ययोजना तैयार करें और उस कार्ययोजना के आधार पर कार्य संचालित करें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई गोबर्धन योजना में भी ग्वालियर को चयनित किया गया है। वेस्ट मटेरियल (गोबर) को एकत्रित करके बायोगैस प्लांट लगाया जायेगा। इसके लिए ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करें, जहाँ कम लागत में गोबर एकत्रित किया जा सके। इसमें बायोगैस प्लांट के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित अक्षय ऊर्जा योजना का भी प्रयोग किया जा सकता है।

Share This News :