Home > अपना शहर ,
बकाया जमा न करने वालों की चल-अचल सम्पत्ति कुर्क कराएं : शर्मा

ग्वालियर । जो फर्म या व्यक्ति दुग्ध संघ की बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनकी चल-अचल सम्पत्ति कुर्क कराकर वसूली कराएं। साथ ही उन ओआईसी (प्रकरण प्रभारी) को कारण बताओ नोटिस जारी करें, जिनकी लापरवाही की वजह से वसूली नहीं हो पा रही है।
इस आशय के निर्देश संभाग आयुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ बी एम शर्मा ने दुग्ध संघ के सीईओ को दिए। शर्मा ने गुरूवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर दुग्ध संघ की वसूली की समीक्षा की। बैठक में लगभग 50 लाख रूपए की वसूली की रूपरेखा तय की गई। यहाँ मोतीमहल में आयोजित हुई बैठक में संभाग आयुक्त बी एम शर्मा ने प्रकरणवार वसूली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी ओआईसी को निर्देश दिए कि विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन वसूली के प्रकरणों में मजबूती से साक्ष्य रखें। साथ ही बकायादारों की चल-अचल सम्पत्ति का ब्यौरा भी प्रस्तुत करें, जिससे उनकी परिसम्पत्तियां कुर्क कर वसूली की कार्रवाई की जा सके।
संभाग आयुक्त ने कहा कि बड़े बकायादारों से वसूली के लिए जिला कलेक्टर को भी प्रकरण बनाकर भेजें। साथ ही छोटे बकायादारों के प्रकरण डीआर सहकारिता के न्यायालय में दर्ज कराएं। डीआर न्यायालय में जो प्रकरण खारिज हो चुके हैं, उनकी अपील जल्द से जल्द संयुक्त पंजीयक के न्यायालय में की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ओआईसी की उदासीनता की वजह से प्रकरण खारिज हुए हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर उन पर भी वसूली की जवाबदेही तय करें। संभाग आयुक्त ने तहसीलदार के माध्यम से भी वसूली कराने की हिदायत दी। बैठक में ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ के सीईओ बी के सक्सेना, संयुक्त पंजीयक सहकारिता एस एन कोरी, उप पंजीयक सहकारिता श्रीमती अनुभा सूद तथा दुग्ध संघ के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इस साल दुग्ध संघ की आय में हुआ डेढ़ करोड़ का इजाफा
संभाग आयुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी ग्वालियर दुग्ध संघ बी एम शर्मा की पहल पर किए गए प्रयासों की बदौलत इस साल दुग्ध संघ की आय में इजाफा हुआ है। अप्रैल 2017 से गत जनवरी 2018 की स्थिति में ग्वालियर दुग्ध संघ डेढ़ करोड़ रूपए से अधिक लाभ में आ गया है। पिछले साल इस अवधि में दुग्ध संघ 73 लाख रूपए के घाटे में रहा था। संभाग आयुक्त ने पिछले वर्षों के घाटे को दूर करने के लिये भी विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दुग्ध संघ के अधिकारियों को दिए हैं। ग्वालियर दुग्ध संघ के कार्य क्षेत्र में ग्वालियर चंबल संभाग के 6 जिलों की 750 दुग्ध समितियाँ जुड़ी हैं। दुग्ध संघ के अंतर्गत 9 दुग्ध शीत केन्द्र (बल्क मिल्क कूलर) संचालित हैं।

Share This News :