Home > अपना शहर ,
टेंकर व चीनोर कांड के आरोपी पकड़े गये

ग्वालियर। पुलिस ने टेंकर व लूटकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एस.पी. डॉ आशीष ने बताया कि विगत ११ अप्रैल को हथियारबंद बदमाशों ने कट्टे की नोक पर चिरवाई के पास टेंकर को लूट लिया था तथा वाहन के ड्राइवर व क्लिनर को आंतरी के पास एक सुनसान स्थान पर दो साथियों की निगरानी में बंधक बनाकर रखा गया।
उन्होंने बताया कि सुबह बदमाश अपने साथियों को स्कॉर्पियो से वापस ले गये और ड्राइवर व क्लीनर को वहीं छोड़ गये । किसी तरह दोनों लोग वहां से निकलकर झांसी रोड थाना पहुंचे और इस घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। एसपी डॉ आशीष ने चीनोर तथा टैंकर लूट के अज्ञात आरोपियों की पतारसी के लिये थाना झांसी रोड के साथ क्राइम ब्रांच को इस प्रकरण को खोलने के लिये लगा दिया। एएसपी पंकज पाण्डे, दिनेश कौशल, सीएसपी झांसी रोड के.एस. गोस्वामी एवं थाना झांसी रोड व क्राइम ब्रांच द्वारा आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी बीच पुलिस की एक टीम को एक क्लू मिला, जिसके आधार पर जयवीर पुत्र रामहेत गुर्जर निवासी ग्राम चुरेला मुरैना, पप्पू पुत्र सरनाम गुर्जर ग्राम चुरेला एवं बृजेन्द्र पुत्र रामधन गुर्जर निवासी हेतमपुर को मुरैना धोलपुर हाईवे पर मय तीन कटटे, कारतूस तथा घटना में उपयोग की गई स्कॉर्पियो सहित पकड़ा लिया है।

Share This News :