Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर आयोजित होंगीं ग्राम सभाएं

ग्वालियर । राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर मंगलवार 24 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सभी ग्राम पंचायतों में किया जायेगा। इसके साथ ही मण्डला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों को किए जाने वाले उदबोधन का सीधा प्रसारण सभी ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। इस दिन आयोजित ग्राम सभा में अगले पाँच वर्षों के लिए ग्राम पंचायत के विकास में आने वाली चुनौतियों की पहचान कर जैसे कि कमजोर वर्ग का कल्याण, महिला सशक्तिकरण, टीकाकरण, स्वास्थ्य, कुपोषण, जल संरक्षण तथा ग्राम सभा का सामाजिक-आर्थिक विकास आदि पर चर्चा की जायेगी। इसके साथ ही ग्रामों को स्वच्छ तथा कचरा रहित बनाने के संबंध में भी चर्चा की जायेगी।
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा जल संवर्धन के कार्य तत्काल शुरू हों। इसमें श्रमदान के माध्यम से कार्यों को किया जाए। मनरेगा के कार्यों में भी तेजी लाएं तथा श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान हो। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर राहुल जैन ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही समय सीमा पत्रकों के समय पर निर्धारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा गेहूँ उपार्जन तथा चना, मसूर, सरसों की खरीदी के कार्य को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करें तथा किसानों के भुगतान की राशि समय पर उनके खातों में पहुँचाई जाए। उन्होंने कहा जिन विभागों को उपार्जन क्षेत्रों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है, वे उनका निरीक्षण करें। ऐसा न करने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। इस अवसर पर उन्होंने सिंचाई, खेल, सामाजिक न्याय, कृषि, उद्यानिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ट्रायबल विभाग आदि के कार्यों की समीक्षा की।
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग वृद्धाश्रम के लिये भूमि चिन्हित कर कार्य प्रारंभ करे। खेल विभाग द्वारा जो सामग्री पंचायतों में भेजी गई हों, वह देखें कि वह सामग्री सभी स्थान पर पहुँची है या नहीं तथा उसका किस प्रकार उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिक पंजीयन की अवधि अब 25 अप्रैल तक कर दी गई है तथा सत्यापन 30 अप्रैल तक किया जायेगा। इस कार्य में तेजी लाएं और आगामी माह में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें काउण्टर लगाकर लाभों का वितरण किया जाएगा। इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियां सुनिश्चित करें। ट्रायबल विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आधार फीडिंग का कार्य जल्द ही किया जाए। सीएमएचओ को निर्देश दिए कि टीकाकरण के लक्ष्यों व संचालन की जानकारी रखें।
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि मतदान के कार्य में जिन बीएलओ को जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने विभागीय कार्य के साथ-साथ मतदान के कार्यों को भी पूरा करें। कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ शिवम वर्मा, एडीएम दिनेश श्रीवास्तव, शिवराज वर्मा, एसडीएम तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

2 मई को मनाया जायेगा किसान दिवस
14 अप्रैल से 5 मई तक संचालित होने वाले ग्राम स्वराज अभियान के तहत 2 मई को किसान दिवस मनाया जायेगा। जिसमें विकासखण्ड स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करके किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। इसमें मुख्यत: किसानों की आय को दोगुना किस प्रकार किया जाए, इस विषय पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही कृषक सहकारी ऋण समाधान योजना, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत पूर्व वर्ष में पंजीयन कराने वाले किसानों को 200 रूपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि, इस वर्ष गेहूँ उपार्जन पर समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 265 रूपए की प्रोत्साहन राशि तथा चना, मसूर, सरसों पर 100 रूपए की प्रोत्साहन राशि आदि लाभों के बारे में बताया जायेगा। इसके साथ ही उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय बढ़ाने हेतु वैज्ञानिकों द्वारा सुझाव दिए जायेंगे। पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण आदि के लिए कैम्पों का आयोजन किया जाएगा।

Share This News :