Home > अपना शहर ,
शहर के पर्यटन को आकर्षक बनाया जाए – कलेक्टर

ग्वालियर । ग्वालियर शहर पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है। यहाँ के पर्यटन को विकसित किया जा सकता है। यह बात कलेक्टर राहुल जैन ने जिला पर्यटन प्रमोशन परिषद की बैठक में कही। उन्होंने कहा शहर के पर्यटन को आकर्षक बनाया जाए, इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार करके कार्य किया जाए।
बैठक में कलेक्टर राहुल जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्वालियर के पर्यटन के सौंदर्य को निखारा जाए। उन्होंने कहा मोतीमहल में शासकीय कार्यालयों के शिफ्टिंग का कार्य समय पर पूरा किया जाए। इसी क्रम में मोतीमहल कोषालय को गोरखी में शिफ्ट किया जायेगा। कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि पर्यटक स्थलों पर जो भी नवीनीकरण कार्य हो रहे हैं, उनमें तेजी लाएं और इसकी रिपोर्ट समय – समय पर देते रहें। उन्होंने कहा किले पर पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता आदि की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा ग्वालियर किला, फूलबाग, बैजाताल आदि को बड़े पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। यह इस प्रकार विकसित हों कि लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनें। यहाँ बच्चों के लिए प्ले जोन, फूड जोन और मार्केट विकसित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर राहुल जैन ने निर्देश दिए कि पर्यटन विभाग जहाँ – जहाँ कार्य कर रहा है तथा जहाँ कार्यों को पूरा किया है, अन्य विभागों को इसकी जिम्मेदारी सौंपते समय एक पूरा एक्जिट प्लान बताएं। पर्यटन विभाग कार्यों को समय पर पूरा करे और इसमें नगर निगम का जो भी सहयोग आवश्यक हो, नगर निगम पूरा सहयोग प्रदान करे।

Share This News :