Home > अपना शहर ,
कुपोषण मुक्ति की दिशा में ग्वालियर जिले में हुई पहल अनुकरणीय – केन्द्रीय मंत्री चौबे

ग्वालियर । ग्वालियर जिले में समाज की भागीदारी से कुपोषण मुक्ति के लिए अटल बाल पालक अभियान के रूप में सराहनीय पहल हुई है। देश के अन्य जिलों के लिए भी यह पहल अनुकरणीय है। यह बात केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कही। श्री चौबे शनिवार को यहाँ व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में ग्वालियर जिले की स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बच्चों को कुपोषण मुक्त करने के मकसद से ग्वालियर जिले में हुए इस नवाचार पर भारत सरकार भी विचार करेगी।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री चौबे ने कहा कि ग्वालियर जिले के लोगों ने अटल बाल पालक बनकर समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा इस प्रकार के नवाचारों से समाज में सेवा का भाव पनपता है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा खुशी की बात है कि ग्वालियर कलेक्टर की पहल पर शुरू हुए अटल बाल पालक अभियान से लोग स्वत: जुड़कर कुपोषण निवारण में अपना योगदान दे रहे हैं। विदित हो ग्वालियर कलेक्टर राहुल जैन की पहल पर लगभग 6 माह पूर्व अटल बाल पालक अभियान शुरू हुआ था। अभियान के तहत अब तक 211 अटल बाल पालक बन चुके हैं। इन्होंने कम वजन के 611 बच्चों को सुपोषित करने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। इनमें से कई बच्चे अब सामान्य वजन के हो चुके हैं। ग्वालियर जिले में कम वजन के कुल 1911 बच्चे चिन्हित किए गए हैं। इनकी सूची अटल बाल पालक अभियान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इस वेबसाइट पर जाकर कोई भी व्यक्ति बच्चों को गोद लेकर अटल बाल पालक बन सकता है।
केन्द्रीय राज्य मंत्री चौबे ने ग्वालियर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और शिशु बाल एवं मातृ मृत्यु दर के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही जीआर मेडीकल कॉलेज की सेवाओं और निर्माणाधीन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की वस्तुस्थिति भी जानी। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ग्राम आरोग्य केन्द्र सह आंगनबाड़ी केन्द्र व्यवस्था की सराहना की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा, संयुक्त संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. आर के दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास राजीव सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन तथा डॉ. सी पी बंसल व डॉ. अशोक बांगा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

ग्राम स्वराज अभियान की समीक्षा भी की
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने ग्वालियर जिले में चल रहे ग्राम स्वराज अभियान की समीक्षा भी की। उन्होंने ग्वालियर जिले की चिन्हित 18 ग्राम पंचायतों को धुँआ मुक्त पंचायतें बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा ने उन्हें जानकारी दी कि जिले में ग्राम स्वराज अभियान के तहत चिन्हित 18 ग्राम पंचायतों में उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को नि:शुल्क तथा शेष परिवारों को अन्य मदों से गैस कनेक्शन दिलाए जा रहे हैं। आगामी 5 मई तक इन पंचायतों के सभी परिवारों को गैस कनेक्शन मुहैया कराकर गाँव को धुँआ मुक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि इन पंचायतो मे सरकार के 7 कार्यक्रमों को शतप्रतिशत क्रियान्वित किया जा रहा है।

Share This News :