Home > अपना शहर ,
दो पेयजल टंकियों के निर्माण कार्यों का भू‍मि पूजन

ग्वालियर । प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि ग्वालियर के निवासियों को पीने का पानी उपलब्ध कराना सरकार की जवाबदारी है। सरकार इस जवाबदारी को निभाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। ग्वालियर में चंबल नदी से पानी लाने के कार्य को भी स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इसके साथ ही अमृत परियोजना के तहत हर घर को पाइप लाईन के माध्यम से पानी उपलब्ध हो, इसके लिए शहर में पेयजल टंकियों का निर्माण और पाइप लाईन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने वार्ड क्र.-19 की अमलताश कॉलोनी फेस-2 एवं फेस-1 की टंकी निर्माण कार्य के भूमि पूजन समारोह में यह बात कही। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष श्रीरामप्रकाश परमार, क्षेत्रीय पार्षद बलवीर सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और कॉलोनी निवासी उपस्थित थे। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में अमृत परियोजना के तहत सीवर लाईन और पेयजल की लाईनें बिछाने के साथ ही पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही सीवर ट्रीटमेंट प्लांटों और जल शुद्धिकरण केन्द्रों का भी निर्माण तेजी से किया जा रहा है। ग्वालियर की पेयजल समस्या के स्थायी निदान हेतु चंबल नदी से पाइप लाईन डालने के कार्य की भी स्वीकृति प्राप्त हो गई है। आने वाले वर्षों में ग्वालियर की पेयजल समस्या का स्थायी निदान हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि सीवर समस्या के निदान हेतु भी अमृत परियोजना में पूरे शहर में सीवर लाईन डालने का कार्य 400 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है। उक्त कार्य के पूर्ण होने से ग्वालियर की सीवर समस्या का भी स्थायी निदान होगा। सभी को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्वालियर में बड़ी संख्या में आवासों का निर्माण किया जा रहा है। सभी आवासहीनों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जायेंगे। श्रीमती माया सिंह ने आमजनों से अपील की है कि जो भी आवासहीन अपना आवास चाहता है वहीं योजना के तहत आवेदन करे और अपने आवास का मालिक बने।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि शासन द्वारा आमजनों के साथ अनेक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। आमजनों को चाहिए कि शासन की इन जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठायें। असंगठित श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रदेश भर में श्रमिकों का पंजीयन कराया गया है। पंजीकृत सभी श्रमिकों को शासन की 20 से अधिक योजनाओ का सीधा लाभ प्राप्त होने लगेगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय पार्षद बलवीर सिंह तोमर ने कहा कि कुंज विहार में निर्मित की जा रहीं दो पानी की टंकियों का कार्य पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्या का निदान होगा। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी निर्माण कार्य में वे स्वयं भी सहयोग करेंगे और क्षेत्रवासियों का भी सहयोग निर्माण एजेन्सी को प्राप्त होगा। निर्माण एजेन्सी तत्परता से कार्य करे, ताकि लोगों को समय रहते इसका लाभ मिल सके।

Share This News :