Home > अपना शहर ,
अवैध कॉलोनियों को वैध करने के अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे

ग्वालियर । मध्यप्रदेश में अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्णय के परिपालन में प्रस्तावित 8 मई को ग्वालियर में अवैध कॉलोनी को वैध करने के अभियान का श्रीगणेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। प्रदेश स्तरीय यह आयोजन ग्वालियर के मेला प्रांगण में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर बिसेन सहित महापौर, विधायकगण एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
आगामी 8 मई को ग्वालियर में आयोजित इस समारोह में अवैध कॉलोनियों को वैध करने की कार्रवाई के साथ-साथ विकास कार्यों का भूमि पूजन, शिलान्यास और विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा। इसके साथ ही आवासहीनों को आवास के पट्टे भी वितरित किए जायेंगे। ग्वालियर में 8 मई को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय आयोजन को भव्य रूप प्रदान करने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर राहुल जैन ने सोमवार को नगर निगम के सभागर में बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, नगरीय विकास विभाग की अपर संचालक श्रीमती मंजू शर्मा, एडीएम शिवराज वर्मा सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, विभागीय अधिकारी और नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित थे। कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में कहा कि 8 मई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सायं 6 बजे मेला प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में अवैध कॉलोनी को वैध करने की शुरूआत करेंगे। इस कार्यक्रम का सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में सीधा प्रसारण भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि समारोह में 9 हजार आवासहीनों को आवास के पट्टे भी वितरित किए जायेंगे। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से एक हजार हितग्राहियों को उनके आवास की चाबियाँ सौंपी जायेंगीं।
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर जिले में विभिन्न विभागों के करोड़ों रूपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर नगर निगम की लगभग 40 और डबरा की 33 अवैध कॉलोनियों को वैध किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में 690 और डबरा में 100 अवैध कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर ने बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम स्थल पर शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाना है। इस हेतु सभी विभागीय अधिकारी अपने – अपने विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शनी में फोटो के माध्यम से प्रदर्शित करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से शासन की योजनाओं के हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल पर बुलाया जाए। इसके लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समन्वय करें। बैठक में नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने बताया कि नगर निगम की अवैध कॉलोनियों को वैध करने के साथ ही आवासहीनों को आवास की चाबियां भी वितरित करेगा। हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने हेतु संबंधित जोनल अधिकारी समन्वय का कार्य करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर हितग्राहियों के बैठने की पृथक – पृथक व्यवस्था भी की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने बैठक में कार्यक्रम स्थल पर आने वाले वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा के संबंध में किए जाने वाले प्रबंधनों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले वाहनों और शहरी क्षेत्र के वाहनों की पृथक – पृथक व्यवस्था की जायेगी। इसके साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंधन कार्यक्रम स्थल पर सुनिश्चित किए जायेंगे। नगरीय विकास विभाग की अपर संचालक श्रीमती मंजू शर्मा ने बताया कि 8 मई को ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों को वैध करने का यह प्रदेश स्तरीय आयोजन है। इस आयोजन का सीधा प्रसारण प्रदेश भर में किया जायेगा। सीधे प्रसारण की व्यवस्था नगरीय विकास विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों को वैध करने के साथ-साथ आवासहीनों को आवास के पट्टे, आवासों की चाबी का वितरण किया जायेगा। इसके साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी होगा। कार्यक्रम की भव्यता के लिए प्रशासन समय रहते सभी तैयारी कर ले और हितग्राहियों को लाने के संबंध में भी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई हो, तो कार्यक्रम और बेहतर होगा।

Share This News :