Home > अपना शहर ,
हमें बड़े सपने देखकर उन्हें पूरा करने के लिए प्रयास करना चाहिए :अल्फोंस कन्ननथानम

ग्वालियर। हमें हमेशा बड़े सपने देखना चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करना चाहिए। कभी-भी यह मत सोचो कि आप यह नहीं कर सकते। बल्कि यह सोचो कि मैं बहुत कुछ कर सकता हूँ। यह बात भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान में आयोजित तृतीय दीक्षांत समारोह में केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं इलेक्ट्रोनिकी, सूचना प्रौद्योगिकी व सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री अल्फोंस कन्ननथानम ने कही। वे दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
ग्वालियर में स्थित भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के तृतीय दीक्षांत समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया। इसमें एकेडमिक सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले संस्थान के छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और संस्थान के विद्यार्थियों को अच्छा कार्य करने के लिए शपथ दिलाई गई।
केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अल्फोंस कन्ननथानम ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने आप से यह प्रश्न पूछो कि मेरा जन्म क्यों हुआ है। मैं क्या कर सकता हूँ और यह सोचो कि मैं दुनिया को बदल सकता हूँ। हर व्यक्ति को यह सोचना चाहिए कि वह क्या कर सकता है। उन्होंने कहा सभी के जीवन में कई समस्यायें होती हैं और ये समस्यायें जीवन का एक हिस्सा हैं। इन समस्याओं को पार करते हुए हमें सफलता प्राप्त करनी है। उन्होंने कहा हमारे पास कुछ करने का साहस होना चाहिए और हमें धैर्य के साथ लक्ष्य को पाने का प्रयास करते रहना चाहिए।
अल्फोंस कन्ननथानम ने कहा कि हमें हमेशा मुस्कुराते रहना चाहिए और दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि हम अपने अहम को दूर रखें। उन्होंने कहा हमें हमेशा सीखते रहना चाहिए। यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें वह करना चाहिए जो हमें पसंद है। अपने अंतरर्मन की आवाज को सुनकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा केवल पैसा कमाना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए। हम इस देश के नागरिक हैं और नागरिक होने के नाते हमारा देश के प्रति कर्तव्य है कि हम देश के विकास में भागीदार बनें। सेवा करने के लिए तत्पर रहें।
सभी युवाओं से अल्फोंस कन्ननथानम ने कहा कि यह ऐसा वक्त है जहाँ देश कई क्षेत्रों में विकास कर रहा है। इसमें देश के युवाओं की विशेष भागीदारी है। युवा रोजगार मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार उत्पन्न करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाइए तथा बडे-बडे एन्टोरप्राइजेस स्थापित कीजिए। इससे जॉब क्रिएट होंगीं तथा बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा।
अल्फोंस कन्ननथानम ने कहा कि हमें जीवन के प्रति गंभीर होना चाहिए और सोच समझकर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवा शक्ति को देश के विकास में भागीदार बनना है। देश के पर्यटन विकास के संबंध में उन्होंने कहा कि भारत पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है। पर्यटन के विकास के लिए कई प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पर्यटन क्षेत्र 5 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है और हमारी आय में पर्यटन का 7 प्रतिशत योगदान है। यह सर्वाधिक रोजगार देने वाले क्षेत्र की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने कहा आगामी तीन वर्षों में हमें पर्यटन के क्षेत्र में होने वाली आय को दोगुना करना है। इसमें देशी-विदेशी दोनों पर्यटन शामिल हैं।
अल्फोंस कन्ननथानम ने कहा कि भारत की विरासत को हमें और अधिक विकसित करना है। जिससे यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने। इसमें पर्यटन स्थलों पर पीने का पानी, शौचालय, साफ-सफाई, जलपान, अच्छा वातावरण, सुरक्षा आदि उपलब्ध कराना है। हमें स्वच्छ पर्यटन की दिशा में आगे बढ़ना है। इसके विकास के लिए रणनीति बनाकर निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Share This News :