Home > अपना शहर ,
बच्चों को अच्छे संस्कार देकर सभ्य समाज का निर्माण करना है : नारायण

ग्वालियर । आजकल समाज में कई प्रकार की सामाजिक समस्यायें देखी जा रही हैं। जिनके निराकरण के लिए हम सबको एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इन सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने के लिए यह सबसे जरूरी है कि इसके विषय में जागरूकता लाई जाए। इसके साथ ही बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित किए जाएं। अच्छे संस्कारों से अच्छा परिवार बनता है और यह सभ्य समाज का निर्माण करता है। यह बात प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कही। मंत्री श्री कुशवाह फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया संस्था द्वारा आयोजित जेटीएफ परियोजना के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
गुरूवार को सुरूचि होटल में एफपीएआई संस्था द्वारा जेटीएफ परियोजना का शुभारंभ किया गया। महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संस्था द्वारा यह परियोजना प्रारंभ की गई है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यशालाएं आयोजित करके महिला अपराधों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। इस अवसर पर ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी, संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश आराध्या सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि यौन हिंसा एक गंभीर अपराध है। यह बड़ी सामाजिक बुराई है। इसे रोकना अति आवश्यक है। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होंगे। शासन-प्रशासन तथा संस्थाएं मिलकर इस दिशा में काम कर रही हैं। परंतु इसके साथ ही यह जरूरी है कि समाज इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने के लिए तत्पर रहे। उन्होंने कहा इसके लिए सबसे ज्यादा आवश्यक है कि बच्चो को जन्म से ही अच्छे संस्कार दिए जाएं। संस्कारयुक्त पारिवारिक संबंधों के अभाव के कारण ही समाज में हिंसा और बुराईयों को बढावा मिलता है। यदि गलत विचार उत्पन्न नहीं होंगे, तो समस्यायें भी उत्पन्न नहीं होंगीं।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि युवाओं को परिवार से सीख लेना चाहिए। इसमें माता-पिता का बड़ा योगदान है कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा दें। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि शहर में स्थित पिछड़ी बस्तियों में इस प्रकार के कैम्पों का आयोजन किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। इसके साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी मिले और उनके खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने के लिए वे सशक्त बनें। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी ने कहा कि समाज के द्वारा ही अच्छाई एवं बुराई दोनों उत्पन्न होती हैं। हमें अच्छाईयां उत्पन्न करना है और बुराईयों को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में नारी को पूजा जाता है। आजकल सामाजिक विसंगतियां उत्पन्न हुई हैं। दिशाहीन होते समाज को राह दिखाने के लिए सशक्त पहल देश की युवा पीढ़ी को करना है। युवाओं को अपने संस्कारों को नहीं भूलना है।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण, महिला हिंसा तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अन्य अपराधों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए अनुकरणीय पहल की जा रही है। आज महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए यह भी जरूरी है कि बालिकाओं को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा समाज निर्माण में महिलाओं ने विशेष भूमिका का निर्वहन किया है। वर्तमान में विकसित होते समाज में महिलायें प्रत्येक क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा हमें ऐसे समाज का निर्माण करना है, जिसमें सामाजिक समानता हो। महिला पुरूष में किसी प्रकार का भेदभाव न हो। उदघाटन समारोह में जेटीएफ परियोजना की संचालिका श्रीमती निशा जगदीश ने परियोजना के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

Share This News :