Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय पुस्तक मेला 12 से, मंत्री पवैया होंगे शामिल

ग्वालियर ।  ग्वालियर में 12 मई से राष्ट्रीय पुस्तक मेला आयोजित होगा। यह मेला मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा नगर निगम एवं जिला प्रसाशन ग्वालियर के सहयोग से लक्ष्मीबाई समाधि के सामने स्थित बलिदान मेला मैदान में लगाया जायेगा। उच्च शिक्षा मंत्री  जयभान सिंह पवैया की मौजूदगी में पुस्तक मेले का उदघाटन होगा। 
इस अवसर पर महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, अतिविशिष्ठ लेखक के तौर पर श्रीधर पराड़कर, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष डॉ बलदेव भाई शर्मा तथा कलेक्टर  राहुल जैन भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के सहायक निदेशक मयंक सुरोलिया ने बताया कि इस पुस्तक मेले में हिंदी, अंग्रेजी व उर्दू के 40 पब्लिशर्स द्वारा नवीनतम प्रकाशनों यानि पुस्तकों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही पुस्तकें विक्रय के लिए आम पाठकों के लिए उपलब्ध रहेंगीं। पुस्तक मेले में सुबह के सत्र में बच्चों से जुड़ी गतिविधियों को संचालित किया जाएगा, ताकि बच्चों के मन में सर्जनात्मक क्षमता का विस्तार हो सकें। साथ ही शाम के सत्र में बड़े पाठकों व पुस्तक प्रेमियों के लिए साहित्य सम्वाद जैसे सत्र आयोजित किये जायेंगे, जिसमें महत्वपूर्ण स्थानीय व आस-पास के रचनाकारों को शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 
सुरोलिया ने यह भी बताया कि इस पुस्तक मेले में साहित्य से जुड़े पाठकों के लिए कई सत्रों को रखा गया है जिसमें पाठक अपने प्रिय रचनाकारों से सीधे संवाद कर सकेंगे व उनसे रूबरू हो सकेंगे। पुस्तक मेला रोजाना दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक पुस्तक प्रेमियों के लिए लिए खुला रहेगा। 

Share This News :