Home > अपना शहर ,
हर गाँव को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम तेजी से पूर्ण करें : तोमर

ग्वालियर । केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा ग्वालियर जिले के हर गाँव को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम तेजी से पूर्ण करें। सरकार हर गाँव को इंटरनेट से जोड़ने के लिए कटिबद्ध है। इसलिए इस काम में कोई देरी न हो। तोमर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भारत सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं और ग्राम स्वराज अभियान की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।
गुरूवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा सभी योजनाओं की धनराशि अब ऑनलाईन भेजी जाती है। इसलिए हर पंचायत का इंटरनेट से जुड़ना जरूरी है। इससे ग्रामीण जनता को भी गाँव में ही इंटरनेट सेवाएं मिल सकेंगीं। बैठक में बताया गया कि जिले के डबरा व भितरवार विकासखण्ड में भारत संचार निगम द्वारा इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए ऑप्टीकल फाइबर लाइन बिछाई जा चुकी हैं। विकासखण्ड मुरार में यह काम जारी है। साथ ही विकासखण्ड घाटीगाँव में ऑप्टीकल फाइबर लाईन बिछाने के लिए टेण्डर प्रक्रिया प्रचलन में है। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि जून माह के प्रथम सप्ताह में डबरा व भितरवार की समस्त ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ने का उदघाटन कराएं।
इस अवसर पर साडा अध्यक्ष राकेश जादौन व जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम सहित समिति के अन्य सदस्यगण कलेक्टर राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
शॉपिंग मॉल व प्रमुख बाजारों में महिला एसएचजी को दिलाएं दुकानें
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने राष्ट्रीय शहरी एवं ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों के उत्‍पादों की बिक्री और प्रदर्शन के लिए शॉपिंग मॉल में जगह उपलब्ध कराने के प्रयास करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मंत्री द्वय ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में कम से कम 20 दुकानें समूहों को दिलाई जाएं। साथ ही इन दुकानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे महिला समूहों के उत्पादों की बिक्री हो, उनकी आमदनी बढ़े और लोगों को बेहतर हर्बल व हस्तशिल्प उत्पाद मिल सकें।
शतप्रतिशत विद्युतीकरण का काम समय-सीमा में पूर्ण करें
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने निर्देश दिए कि सौभाग्य योजना के तहत जिले के हर शहर, गाँव व हर घर को विद्युत से रोशन करने का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें। बैठक में बताया गया कि जिले में सौभाग्य योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी 31 जुलाई तक जिले के हर घर को विद्युत कनेक्शन से जोड़ दिया जायेगा। साथ ही अधोसंरचना का काम भी 31 अक्टूबर तक पूर्ण होने का अनुमान है। मालूम हो भारत सरकार द्वारा सौभाग्य योजना के तहत शतप्रतिशत विद्युतीकरण के लिए वर्ष 2019 तक की समय-सीमा रखी गई है।
जिले में चले ग्राम स्वराज अभियान को सराहा
सम्पूर्ण देश के साथ ग्वालियर जिले में गत 14 अप्रैल से 5 मई के दौरान ग्राम स्वराज अभियान के तहत आयोजित हुईं गतिविधियों की केन्द्रीय मंत्री तोमर ने सराहना की। उन्होंने खासकर उज्ज्वला योजना के तहत चिन्हित 18 ग्राम पंचायतों को धुंआ रहित बनाने के प्रयासों को सराहा। कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में जानकारी दी कि उज्ज्वला योजना के तहत 175 के लक्ष्य के विरूद्ध 627 महिलाओं को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन, चूल्हा व सिलेण्डर मुहैया कराए गए। केन्द्रीय मंत्री ने योजना की पात्रता में न आने वाले परिवारों को सांसद निधि एवं गैस कंपनियों की मदद से गैस कनेक्शन दिलाने की बात कही। इसके बाद ये सभी पंचायतें धुंआ रहित हो जायेंगीं।
कलेक्टर ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के दौरान उजाला स्कीम के तहत चिन्हित ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर एलईडी बल्ब का वितरण भी जिले में किया गया। साथ ही जनधन योजना के तहत 2753 बैंक खाते खोले गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 1593 और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 3669 लोगों का बीमा भी कराया गया। साथ ही मिशन इन्द्रधनुष के तहत टीकाकरण के लक्ष्य भी प्राप्त किए गए।
केन्द्रीय मंत्री तोमर द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले के ग्रामीण अंचल में डब्ल्यूबीएम व जीएसबी सड़कों के डाम्बरीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत मोहना में भी आवास बनाने को कहा। नगर पंचायत घोषित हो जाने से यहाँ आवास बनाने में तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं। तोमर ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा के अंतर्गत विद्युत ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को दिए। साथ ही कार्य पूर्ण होने की जानकारी नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह को दें।

Share This News :