Home > अपना शहर ,
साडा में तेजी से बसाहट लाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनायें :तोमर

ग्वालियर । विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) में तेजी से बसाहट लाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाएं। इसके लिए विशेषज्ञ अधिकारियों की समिति गठित करें। यह समिति मौका मुआयना कर उन गतिविधियों को चिन्हित करें, जिनसे साडा में रहने के लिए लोग आकर्षित हों। साडा के विकास का मसौदा तैयार करने में शहर के जानकार लोगों की राय भी ली जाए। यह बात केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कही। साडा में तेजी से बसाहट लाने के मकसद से तोमर एवं प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने गुरूवार को अहम बैठक ली। मंत्री द्वय ने अधिकारियों की समिति से एक माह में रिपोर्ट लेने को कहा है।
यहाँ कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, कलेक्टर राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, साडा के सीईओ तरूण भटनागर, अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा व स्मार्ट सिटी के सीईओ महिप तेजस्वी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने बैठक में यह भी कहा कि जो जमीन साडा के लिये उपयोगी नहीं है, उस जमीन को राजस्व विभाग को समर्पित करने की कार्रवाई करें, जिससे यह जमीन औद्योगिक इकाईयों को आवंटित की जा सकें। उन्होंने कहा साडा की जमीन की दर अधिक होने से भी औद्योगिक इकाईयां निवेश करने में हिचकती हैं। राजस्व विभाग को जमीन मिलने से इस काम में तेजी आयेगी।
तोमर एवं श्रीमती माया सिंह ने कहा अधिकारियों की समिति उन सभी पहलुओं का पता लगाए जो साडा को विकसित सिटी के रूप में बसाने के लिए उपयोगी हों। उन्होंने कहा समिति की रिपोर्ट के आधार पर साडा के विकास का व्यवहारिक प्लान तैयार करें। श्रीमती माया सिंह ने कहा समिति की रिपोर्ट को राज्य शासन से तत्परता से मंजूरी दिलाई जायेगी, जिससे वहाँ विकास कार्यों को तेजी से मूर्तरूप दिया जा सके।
साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने भी साडा क्षेत्र में बसाहट लाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। कलेक्टर राहुल जैन ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन से इस कार्य में हर संभव सहयोग मिलेगा।
वेस्टर्न बाईपास को मिली एनओसी
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने बैठक में जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा साडा क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वेस्टर्न बाईपास को एनओसी जारी कर दी गई है। इस बाईपास के निर्माण से साडा के विकास में तेजी आयेगी। उन्होंने साडा के सीईओ से जल्द से जल्द बाईपास को मूर्तरूप देने के लिए कार्रवाई करने को कहा।
स्मार्ट सिटी द्वारा तैयार बाड़ा क्षेत्र के विकास का प्रजेण्टेशन भी देखा
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत महाराज बाड़ा क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए तैयार किया गया प्रजेण्टेशन भी केन्द्रीय मंत्री एवं राज्य शासन के मंत्री द्वय ने देखा।

Share This News :