Home > अपना शहर ,
करोड़ों के विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण : पवैया

ग्वालियर । प्रदेश में 15 मई से प्रत्येक विधानसभा में विकास यात्राओं का आयोजन किया जायेगा। यह आयोजन 10 जून तक निरंतर चलेगा। विकास यात्राओं के दौरान विकास कार्यों का भूमि पूजन, लोकार्पण करने के साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का भी कार्य किया जायेगा। विकास यात्राओं के तहत होने वाले आयोजनों को भव्यता से करने के लिए प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने शनिवार को बाल भवन में नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
विकास यात्रा के संबंध में आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एच बी शर्मा, कार्यपालन अधिकारी लोक निर्माण विभाग, पीआईयू अष्ठपुत्रे सहित महिला बाल विकास, खाद्य विभाग, श्रम विभाग और नगर निगम के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने बैठक में कहा है कि विकास यात्रा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ प्राप्त हो, इसके प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 15 मई से ही विकास यात्रा के तहत कार्यक्रम प्रारंभ किए जायेंगे। यात्रा के दौरान विधानसभा क्षेत्र में 750 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण समारोह आयोजित किया जायेगा। इसके साथ ही आयोजन के दौरान आमजनों से जन संवाद भी किया जायेगा। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि विकास यात्रा के दौरान प्रत्येक वार्ड में कार्यक्रम आयोजित होंगे। बड़े वार्डों में दो या दो से अधिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जायेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि मोतीझील पहाड़ी पर श्मशान निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। इसके साथ ही बदनापुरा में पानी की लाईन डालने का कार्य तत्परता से हो और पानी की दिक्कत दूर करने हेतु एक नलकूप खनन भी किया जाए।
नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने बैठक में बताया कि विकास यात्रा के संबंध में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए निगम द्वारा वार्डवार विकास कार्यों की जानकारी तैयार की गई है। 15 मई से 10 जून तक विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य भी निगम करेगा। इसके साथ ही श्रम कल्याण विभाग द्वारा असंगठित श्रमिकों के ऑनलाईन पंजीयन तथा पंजीकृत हितग्राहियों को पंजीयन प्रमाण-पत्र वितरण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि महिला बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी अपने-अपने विभाग के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण इस दौरान करें, इसके लिए समन्वित प्रयास कर कार्रवाई की जायेगी।

Share This News :