Home > अपना शहर ,
भोपाल-हबीबगंज से पुरी के लिए मिलेगी ट्रेनें

भोपाल। à¤°à¤¾à¤œà¤§à¤¾à¤¨à¥€ भोपाल में यात्रियों को 22 मई (अप की तरफ जाने के लिए) व 25 मई (डाउन की तरफ जाने के लिए) से साप्ताहिक हमसफर ट्रेन की सुविधा मिलने लगेगी। रेलवे ने इसका टाइम टेबल जारी कर दिया है। यह ट्रेन इंदौर से पुरी जाते समय प्रत्येक मंगलवार शाम 5.45 बजे व पुरी से इंदौर जाते समय प्रत्येक शुक्रवार तड़के 3.30 बजे भोपाल स्टेशन पर रुकेगी।

मप्र में इस ट्रेन का स्टॉपेज भोपाल व इंदौर के अलावा इटारसी व देवास स्टेशन पर भी रहेगा। इसी तरह अब भोपाल-हबीबगंज से पुरी के लिए सप्ताह में चार दिन सीधी ट्रेनें मिलेगी। अभी तक तीन ट्रेनें ही सप्ताह में मिलती थी।

बीते शुक्रवार को इंदौर से पुरी के बीच साप्ताहिक हमसफर ट्रेन शुरू की गई। पहले दिन ट्रेन को स्पेशल के नाम से चलाया गया। इसका शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने हरी झंडी दिखाकर किया। इंदौर से ट्रेन की नियमित सेवा 22 मई से व पुरी से ट्रेन की नियमित सेवा 23 मई से शुरू होगी।

यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार इंदौर से दोपहर 12.40 बजे चलकर उसी दिन शाम 5.45 बजे भोपाल व शाम 7.55 बजे इटारसी पहुंचेगी। यह ट्रेन बुधवार शाम 7.55 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार रात 11.35 बजे पुरी से चलकर तीसरे दिन शुक्रवार रात 1.15 बजे इटारसी, तड़के 3.30 बजे भोपाल व सुबह 11.25 बजे इंदौर पहुंचेगी। यह ट्रेन अप-डाउन में देवास, नागपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झरसुगुड़ा रोड, सम्बलपुर सिटी, आंगुल, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड स्टेशन पर भी रुकेगी।

भोपाल के यात्रियों को यह होगा फायदा 

अभी भोपाल व हबीबगंज स्टेशन से होकर पुरी जाने के लिए कोई भी नियमित ट्रेन नहीं है। अभी तीन ट्रेनें चल रही हैं वे भी सप्ताह में एक-एक दिन चलती है। जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस भोपाल से प्रत्येक रविवार, हबीबगंज-पुरी स्पेशल हबीबगंज से होकर प्रत्येक मंगलवार व पुरी सुपरफॉस्ट एक्सप्रेस भोपाल से प्रत्येक शुक्रवार होकर चलती है। इस तरह सप्ताह में भोपाल, हबीबगंज से तीन ट्रेन ही चलती है। अब साप्ताहिक हमसफर ट्रेन के शुरू होने से सप्ताह में चार दिन यात्रियों को भोपाल, हबीबगंज से पुरी के लिए सीधी ट्रेनें मिलेंगी।

 

 

Share This News :