Home > अपना शहर ,
100 साल होगा भंडारा, निधन के चार साल पहले जमा कर दी थी राशि

बैतूल। à¤†à¤œ से 100 साल बाद दुनिया कैसी होगी, यह अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन इन 100 सालों में भी जो एक तथ्य निश्चित है वह यह कि बालाजीपुरम में आगामी 100 साल तक जिले के प्रथम देहदानी की ओर से भंडारा चलता रहेगा। इस भंडारे का शुभारंभ मंगलवार को हुआ।

जिले के बडोरा निवासी सूरतलाल सरले का देहावसान पिछले माह 20 अप्रैल को हुआ था। स्वर्गीय सरले ने अपनी मौत से 4 साल पूर्व ही श्री रुक्मणी बालाजी मंदिर बालाजीपुरम बैतूल में संस्थापक सेम वर्मा से देहदान व अन्नदान की इच्छा व्यक्त की थी। श्री सरले का निधन होने पर उनका पार्थिव शरीर एम्स भोपाल को उसी दिन सौंप दिया था। अब उनके देहावसान के सवा माह बाद 29 मई की शाम को 6 बजे संध्या आरती और भंडारे का आयोजन किया।

संस्थापक सेम वर्मा ने बताया कि श्री सरले के द्वारा दी गई राशि एक फिक्स डिपाजिट में बैंक आफ इंडिया की बालाजीपुरम शाखा में रखी गई है। इस राशि का ब्याज हर साल माह अप्रैल में ट्रस्ट के खाते में आएगा। इसमें यदि राशि कम पड़ेगी तो मंदिर द्वारा मिलाकर भंडारे का आयोजन आगामी वर्षों में अनवरत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय सूरतलाल सरले ने तब बालाजीपुरम ट्रस्ट में 71 हजार रुपए जमा किए थे। करीब दस प्रतिशत ब्याज से हर साल उनकी पुण्य तिथि पर उनकी ओर से संध्या आरती और भंडारा प्रसादी का वितरण आगामी 100 सालों तक किया जाएगा। बालाजीपुरम संस्थापक श्री वर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से इस भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ उठाने की अपील की है।

Share This News :