Home > अपना शहर ,
बंदियों ने दी जेलर को गोली मारने की धमकी

गोहद। à¤‰à¤ªà¤œà¥‡à¤² गोहद की जेलर सरिता मिंज को जेल में बंद कैदियों ने गोली मारने की धमकी दी। वारदात बुधवार देर रात की है। जेलर और प्रहरी जेल के अंदर बंदियों में बैरक बदलने को लेकर हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंची थी। स्थिति बिगड़ने पर रात में ही एसडीएम डीके शर्मा, एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित और गोहद टीआई विनय यादव मय पुलिस बल के जेल पहुंचे थे।

पुलिस ने जेलर को धमकी देने वाले बंदियों को अपने अंदाज में समझाया, जिसकी चीखें देर रात जेल के बाहर तक सुनाई दी। गोहद थाने में जेलर की शिकायत पर पांच बंदियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और धमकी देने का केस दर्ज किया है। 

यह है पूरी वारदात

गोहद उपजेल में बैरक नंबर 3 में बंद भंडारी उर्फ नफीस पुत्र कल्लू बख्श निवासी वार्ड 14 गोहद, बैरक 2 में रट्टी उर्फसुभाष पुत्र मायाराम गुर्जर निवासी प्रगति विहार और बैरक नंबर 1 में बंद राहुल उर्फ बिल्लू गुर्जर, भंवर सिंह गुर्जर, रवि गुर्जर, बल्लू उर्फ बलवीर गुर्जर, जीतू उर्फ जितेंद्र के बीच बैरिक बदलने को लेकर विवाद हुआ।

विवाद की जानकारी मिलने पर जेलर सरिता मिंज अपने साथ प्रहरी नरेश जाटव को लेकर पहुंची। जेलर ने विवाद शांत कराया तो बंदी राहुल उर्फ बिल्लू गुर्जर, भंवर सिंह गुर्जर, रवि गुर्जर, बल्लू उर्फ बलवीर गुर्जर, जीतू उर्फ जितेंद्र ने गोली मारने की धमकी दी।

जेलर ने इसकी सूचना गोहद एसडीएम डीके शर्मा को दी। रात 9:30 बजे एसडीएम शर्मा, एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित, टीआई विनय यादव पुलिस बल को लेकर जेल पहुंचे। जेलर से पूरा मामला समझने के बाद पुलिस ने बंदियों को अपने अंदाज में समझाया।

रात में बंदियों के चीखने की आवाज जेल के बाहर तक सुनाई दी। बंदी भंडारी का सिर फूट गया है, जिसका इलाज करने के लिए रात में बीएमओ डॉ. आलोक शर्मा उपजेल पहुंचे। जेलर का कहना है भंडारी ने दीवार में सिर मार लिया था, जिससे खून निकल आया था। 

केंद्रीय जेल शिफ्ट करने के लिए लिखा

जेलर सरिता मिंज का कहना है कि उन्होंने धमकी देने वाले बंदियों के खिलाफ गोहद थाने में कायमी करा दी है। साथ ही इन बंदियों को केंद्रीय जेल ग्वालियर में शिफ्ट करने के लिए पत्र लिखा है। अब जल्द ही इन बंदियों को केंद्रीय जेल ग्वालियर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। धमकी देने वाले बंदियों में कुछ 2 अप्रैल को गोहद में हुई हिंसा में आरोपित हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Share This News :