Home > अपना शहर ,
वार्ड 53 में सडक डाम्बरीकरण कार्य का शुभारंभ

ग्वालियर । नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा वृहद स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, निगम द्वारा सडक, सीवर एवं पेयजल व यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को आने वाले समय में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उक्ताशय के विचार महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने वार्ड 53 में पानपत्ते गोठ एवं इंगले की गोठ में 19 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक डाम्बरीकरण कार्य के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने की। कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल की सदस्य श्रीमती खुशबू गुप्ता, मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सोलंकी, श्रीमती मीरा दीक्षित, श्रीमती सुधा राजावत, श्रीमती सुमन चैरसिया सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित थे। इस अवसर पर महापौर शेजवलकर ने कहा कि शहर के विकास में नागरिक भी अपना कर्तव्य निभाएं तथा स्वच्छता एवं जल संरक्षण के अभियान में नगर निगम के सहभागी बनें। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कहा कि सरकार के सहयोग से नगर निगम ग्वालियर द्वारा पूरे शहर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे कि नागरिकों को अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ शहर के नागरिकों को मिल सके।
सडक डाम्बरीकरण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर मेयर इन काउंसिल की सदस्य श्रीमती खुशबू गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को अच्छी से अच्छी सुविधाएं मिले, सुगम यातायात मिले इसके लिए हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं तथा इस क्षेत्र में यह सडक बन जाने से यहां के सैकडों परिवारों के साथ ही यहां से निकलने वाले हजारों वाहन चालकों को भी सुविधा होगी। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों ने भी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Share This News :