Home > अपना शहर ,
वैक्टरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिये संयुक्त टीम गठित करें: गोविल

ग्वालियर । डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया एवं वैक्टरजनित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए हर जिले में संयुक्त टीम गठित करें। लार्वा विनिष्टीकरण का कार्य अभियान बतौर किया जाए। साथ ही जिन घरों व संस्थानों में लार्वा पाया जाए, उनसे अर्थदण्ड भी वसूलें। यह निर्देश राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की आयुक्त श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने संभागीय समीक्षा बैठक में दिए।
शुक्रवार को यहाँ तानसेन रेसीडेंसी में आयोजित हुई बैठक में चंबल संभाग आयुक्त एम के अग्रवाल, कलेक्टर ग्वालियर अशोक कुमार वर्मा, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, कलेक्टर गुना विजय दत्ता, भिण्ड आशीष कुमार गुप्ता व कलेक्टर श्योपुर सौरभ कुमार सुमन तथा जेएएच के अधीक्षक डॉ. जे एस सिकरवार सहित संभाग के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे। स्वास्थ्य आयुक्त श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि ग्वालियर शहर में नगर निगम एवं मलेरिया विभाग का अमला संयुक्त दल बनाकर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा जिस घर में मलेरिया व डेंगू के मरीज मिलें, उसके आस-पास के कम से कम एक सैंकड़ा घरों में लार्वा की बारीकी से जांच करें। साथ ही यहाँ के निवासियों को भी पूरी ऐहतियात बरतने के लिये सचेत करें। स्वास्थ्य आयुक्त ने ग्रामीण अंचल में भी मलेरिया व डेंगू को लेकर पूरा ऐहतियात बरतने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थाओं का कोई भी कर्मचारी शहरी संस्थाओं में अटैच न रहे।
सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाओं के पर्याप्त भण्डारण पर भी श्रीमती गोविल ने विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखकर अस्पतालों में एंटी रेबीज और एंटी स्नैक वेनम (सांप काटने से बचाव के इंजेक्शन) का भी पर्याप्त भण्डारण रखा जाए। साथ ही ब्लड बैंक में एफेरेसिस मशीन हर समय चालू हालत में रहे। स्वास्थ्य आयुक्त ने क्षय रोग से पीड़ित सभी पात्र मरीजों के बैंक में खाते खुलवाने पर जोर दिया। श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने स्वाइन फ्लू को लेकर पूरा ऐहतियात बरतने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर डीआरडीओ को स्वाइन फ्लू की जाँच किट उपलब्ध कराई जाए। स्वास्थ्य आयुक्त ने संबंधित जिला कलेक्टर्स से कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर क्रॉस बॉर्डर मीटिंग भी आयोजित करें।

स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की पुख्ता तैयारी करें
स्वास्थ्य आयुक्त श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि 15 अगस्त से भारत सरकार द्वारा लागू की जा रही आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा योजना का मध्यप्रदेश में विस्तार किया गया है। प्रदेश में सामाजिक एवं आर्थिक संगणना सूची में शामिल परिवारों के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली की खाद्यान्न पर्चीधारी परिवारों और पंजीकृत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इस प्रकार आयुष्मान भारत योजना से प्रदेश के लगभग ड़ेढ़ करोड़ परिवार जुड़ेंगे। इन परिवारों के मरीजों को एक साल में 5 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना के दायरे में सभी गंभीर बीमारियां शामिल हैं।

Share This News :