Home > अपना शहर ,
माखन जाटव हत्याकांड में मंत्री लालसिंह आर्य ने वापस ली याचिका

ग्वालियर। à¤¹à¤¾à¤ˆà¤•ोर्ट की एकल पीठ में लंबित प्रदेश के राज्यमंत्री लालसिंह आर्य ने अपनी उस याचिका को वापस ले लिया, जिसमें माखन जाटव हत्याकांड में मंत्री को सह आरोपी बनाए जाने के विशेष न्यायालय के फैसले को चुनौती दी गई थी। मंत्री की ओर से तर्क दिया गया कि ट्रायल के अधिकार क्षेत्र को वे इंदौर हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। क्योंकि पूर्व से ही इंदौर हाईकोर्ट में सीबीआई की एक याचिका ट्रायल के अधिकार क्षेत्र को लेकर लंबित है।

माखन जाटव हत्याकांड में विशेष सत्र न्यायालय ने मंत्री लालसिंह आर्य को धारा 319 के तहत सह आरोपी बनाया था। साथ ही जमानती वारंट जारी कर कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया था। विशेष सत्र न्यायालय के फैसले को मंत्री ने 2017 में हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

मंत्री की ओर से तर्क दिया गया कि सीबीआई की ट्रायल के लिए इंदौर का विशेष कोर्ट अधिसूचित है। इंदौर में ही ट्रायल चल सकती है, लेकिन ट्रायल को भिंड के विशेष कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट को ट्रायल स्थानांतरित करने का अधिकार नहीं है। इसलिए ट्रायल को इंदौर स्थानांतरित किया जाए।

सीबीआई ने बताया कि आरोपितों ने ट्रायल को स्थानांतरित करने का आवेदन लगाया था, उसके बाद ट्रायल भिंड भेजी गई। जब ट्रायल भिंड आई थी, तब इसमें आपत्ति करना थी। क्योंकि वर्तमान स्थिति में 48 गवाह हो चुके हैं और 8 गवाह शेष रह गए हैं। ऐसी स्थिति में ट्रायल को भेजा जाता है तो नए सिरे से ट्रायल चलानी पड़ेगी और गवाही फिर से होगी।

इसमें कोर्ट का काफी समय जाया होगा। अब ट्रायल स्थानांतरित नहीं की जा सकती है। इस केस में पहला चालान राज्य पुलिस ने पेश किया था, क्योंकि 90 दिन में चालान पेश नहीं होता तो आरोपितों को जमानत मिल जाती है। इसके बाद दूसरा चालान सीबीआई ने पेश किया था। विशेष कोर्ट में दोनों चालान एक कर दिए गए हैं। सीबीआई का अधिवक्ता विशेष कोर्ट भिंड में उपस्थित हो रहा है।

 

हाईकोर्ट ने 30 नवंबर 2017 को याचिका पर फैसला सुरक्षित कर लिया था, लेकिन इसी बीच मध्य प्रदेश शासन ने इंदौर हाईकोर्ट में चल रही सीबीआई की याचिका में एक आवेदन पेश कर दिया। इसी आवेदन की सुनवाई करते हुए इंदौर हाईकोर्ट ने भिण्ड के विशेष कोर्ट की ट्रायल पर रोक लगा दी। इंदौर हाईकोर्ट की रोक के बाद लालसिंह आर्य की गिरफ्तारी टल गई। उन्होंने अपनी ग्वालियर हाईकोर्ट में लंबित याचिका को वापस ले लिया। 

सीबीआई ने भी दायर की थी याचिका

 

माखन जाटव हत्याकांड की ट्रायल को जब भिंड कोर्ट में स्थानांतरित किया था, उस वक्त सीबीआई ने भी ट्रायल के अधिकार क्षेत्र को लेकर याचिका दायर की थी। उस वक्त हाईकोर्ट ने कोई आदेश पारित नहीं किया था। इस कारण भिंड कोर्ट में ट्रायल चालू रही, लेकिन लालसिंह के सह आरोपी बनने के बाद शासन की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में आवेदन पेश कर ट्रायल पर स्टे ले लिया गया। उसके बाद से ट्रायल रुक गई।

विशेष कोर्ट को माखन के मामा ने बताया था कि लालसिंह आर्य के कहने पर गोली मारी गई थी। उसके बाद धारा 319 में उन्हें सह आरोपी बना दिया था। जब कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए तो गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया था। अग्रिम जमानत के आवेदन भी खारिज हो गए थे। 

Share This News :