Home > अपना शहर ,
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लायसेंस निरस्त होंगे

ग्वालियर । शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लायसेंस निरस्त किए जायेंगे। इस अभियान को और तेज किया जायेगा। निलंबित लायसेंस की टैगिंग की जायेगी, जिससे दुबारा शराब पीकर और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर लायसेंस निरस्त किया जा सके। इस आशय का निर्णय कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये भी अहम निर्णय लिए गए। 
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जानकारी दी कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहनों से फैलने वाले प्रदूषण को रोकने के मकसद से अब डीजल से संचालित विक्रम व ऑटो के परमिट नहीं दिए जा रहे हैं। पूर्व से संचालित वाहनों के स्थान पर सीएनजी व बैट्री से संचालित करने को बढ़ावा दिया जा रहा है। अगले दो वर्ष के भीतर शहर में कोई भी डीजल चलित वाहन संचालित नहीं रहेगा। शहर में बगैर परमिट के विक्रम व ऑटो संचालन को सख्ती से रोकने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाएं रोकने पर विशेष बल दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में 26 ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहाँ ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इन स्थानों पर दुर्घटना रोकने के लिये कारगर कदम उठाए जायेंगे। पुलिस अधीक्ष्क के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बैठक कर इस कार्य को अंजाम देंगे। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि शहर में जो स्थल शांति क्षेत्र घोषित हैं, वहाँ पर अनावश्यक हॉर्न बजाकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। ऐसे सभी स्थानों पर शाइन बोर्ड लगाने के लिये नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। 
स्टेशन पर ऑटो रिक्शा प्रीपेड बूथ को सक्रिय करने पर पुलिस अधीक्षक ने विशेष बल दिया। साथ ही ऑटो निर्धारित स्थान पर ही खड़े हों। उन्होंने कहा ऑटो रिक्शा का किराया भी तय किया जाए। किराए का निर्धारण संबंधित समिति बैठक लेकर करेगी। सड़क यातायात में बाधक बनने वाले हाथ ठेलों को सुव्यवस्थित करने के लिये भी कहा गया। साथ ही लोडिंग वाहनों को खड़े करने के लिये स्थान तय करने के लिये भी कहा गया। सड़क से वाहनों को हटाने के लिये तीन नई क्रेन की व्यवस्था करने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। इसमें से एक – एक क्रेन की व्यवस्था नगर निगम, पुलिस व परिवहन विभाग एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से करने की सहमति बनी है। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव व संदीप केरकेट्टा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एम पी सिंह तथा शरद गौतम सहित समिति के अन्य सदस्यगण और ऑटो, विक्रम, लोड़िंग वाहन यूनियन के प्रतिनिधिगण मौजूद थे। 

Share This News :