Home > अपना शहर ,
पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार हमें विद्यावान बनाते हैं – पवैया

ग्वालियर । पढ़-लिखकर हम शिक्षावान तो बन सकते हैं पर विद्यावान नहीं। विद्यावान बनने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार व ज्ञान प्राप्त करना भी जरूरी है। इसलिए विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी आत्मसात करें। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने व्यक्त किए। श्री पवैया बुधवार को मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा “मिशन एज्यूकेशन” के तहत स्कूली बच्चों को लेखन सामग्री वितरण के लिये आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
बुधवार को यहाँ जेसीमिल स्कूल के टैगोर हॉल में सतपाल महाराज मानव उत्थान सेवा समिति‍ द्वारा उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किए गए कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों की लगभग डेढ़ हजार बालिकाओं को लेखन सामग्री मसलन कॉपियां, पेन, पेन्सिल, ड्रॉइंग बॉक्स व अन्य स्टेशनी वितरित की गई।
इस अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति की साध्वी सुश्री अम्बालिका ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा संस्कार विहीन शिक्षा हमें विकसित नहीं कर सकती। कार्यक्रम में साध्वी सुश्री कल्पना व सुश्री सारिका तथा श्री रामबाबू कटारे सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।

Share This News :