Homeखास खबरे,वायरल न्यूज़,
गूगल के चश्मे से दुनिया की सैर

गूगल अर्थ ने अपना नया एप्लीकेशन (Google Earth VR) यानी गूगल अर्थ वर्चुअल रियल्टी लॉन्च किया है। अब घर बैठे-बैठे आप दुनिया की तमाम मशहूर जगहों को ना सिर्फ देख सकते हैं बल्कि वहां पर मौजूद होने का अहसास भी कर सकते हैं। इस अनूठे अहसास को पाने के लिए जरूरत है तो बस वीआर हेडसेट्स की, यानी ऐसे उपकरण जो आपको वहां भी होने का एहसास करा सकते हैं जहां आप मौजूद ना भी हों।

इसे पहनने के बाद गूगल अर्थ वीआर के जरिए वर्जुअल स्क्रीन पर घर बैठे-बैठे दुनिया की तमाम मशहूर जगहों को देखा जा सकता है। लेकिन, पहले भी दुनिया की किसी भी जगह को गूगल अर्थ से घर बैठे-बैठे देखा जा सकता था, फिर गूगल अर्थ वीआर अलग कैसे, ये जानना भी कम दिलचस्प नहीं है।

बेशक, 2 अरब बार डॉउनलोड किए जा चुके 10 साल पुराने गूगल अर्थ से दुनिया के भी कोने को घर बैठे देखा जा सकता है। लेकिन, गूगल अर्थ वीआर इससे बिल्कुल अलग है। ये बिल्कुल अलग अंदाज में दुनिया की मशहूर जगहों की सैर कराता है। आप ना सिर्फ इन जगहों को घर बैठे देख पाएंगे बल्कि आपको लगेगा कि आप वहां सचमुच पहुंच गए हैं, आप उन्हें छू रहे हैं।

इस अनूठे एहसास के बारे में गूगल ने अपने बयान में कहा है कि इसे इस्तेमाल करने वाले शहरों के ऊपर उड़ सकते हैं, पहाड़ की चोटियों पर खड़े हो सकते हैं और धरती के बाहर निकल कर अंतरिक्ष में भी जा सकते हैं। हालांकि, इस अहसास को पाने के लिए आपको लोकप्रिय गेमिंग प्लेटफॉर्म स्टीम पर जाना पड़ेगा, जहां से इसे फ्री डाउनलोड किया जा सकता है, लेकिन फिलहाल इसे HTC Vive, Oculus Rift और प्लेस्टेशन के ही वीआर हेडसेट्स से देखा जा सकेगा।

Share This News :