Home > अपना शहर ,
मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य को गंभीरता से किया जाए-शर्मा

ग्वालियर । ग्वालियर संभाग के आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य को पूर्ण गंभीरता के साथ किया जाए। मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी पात्र मतदाता सूची में शामिल हों और अपात्रों के नाम सूची से हटाने का कार्य जिन अधिकारियों को सौंपा गया है, वे कार्य के प्रति पूर्णत: गंभीर रहें ।
संभागीय आयुक्त ने गुरूवार को शहर के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त शर्मा ने सर्वप्रथम ओल्ड रेस्टहाउस के मतदान केन्द्र क्र.-211 व 212 का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ से जानकारी प्राप्त की, कि कितने लोगों के नाम शामिल किए गए हैं और कितनों के नाम हटाए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय में मतदान केन्द्र क्र.-126, जेसीमिल हाईस्कूल उत्कृष्ट विद्यालय मुरार और सेंट जोसेफ स्कूल हुरावली का भी निरीक्षण कर मतदाता सूची शु‍द्धिकरण कार्य का अवलोकन किया।
संभागीय आयुक्त ने सभी बीएलओ को निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में जुड़ने से छूटना नहीं चाहिए और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में रहना नहीं चाहिए। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि जिन मतदान केन्द्रों में अधिक नाम हटाने व जोड़ने की जानकारी प्राप्त हो रही है, वहां पर क्षेत्र के एआरओ अपने स्तर से दल गठित कर पुन: सत्यापन की कार्रवाई करें ।
इस मौके पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव, एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राघवेन्द्र पाण्डेय सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :