Home > अपना शहर ,
चुनाव संबंधी नियमों की परीक्षा में फेल हो गए 98 अफसर, आज होगी दोबारा परीक्षा

वाराणसी।लोकसभा, विधानसभा एवं स्थानीय निकाय से जुड़े चुनाव कैसे कराए जाएं? क्या हैं उनके नियम? ईवीएम का संचालन किस तरह से किया जाता है? वीपी पैड मशीन क्या होती है और वह कैसे काम करती है? चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी, बूथ लेबल अधिकारी कौन सा कार्य करते हैं और उन्हें क्या अधिकार है-ऐसे कई सवालों के जवाब बनारस व मिर्जापुर मंडल के 98 अफसर नहीं दे पाए। अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आयोग के निर्देश पर बीते मई में परीक्षा ली गई थी जिसमें वाराणसी व मिर्जापुर (विंध्याचल) मंडल के 220 अधिकारी शामिल हुए थे। इनमें 45 फीसदी यानी 98 अफसर सवालों का जवाब नहीं दे पाए। 

आज फिर परीक्षा में बैठेंगे अफसर 

परीक्षा में असफल हुए अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देश पर फिर से मौका दिया है। उनकी 25 अगस्त को रायफल सभागार में 11 बजे से परीक्षा होगी। परीक्षा में 70 फीसदी अंक लाना अनिवार्य है। अधिकारी यदि इस परीक्षा पास नहीं होते हैं तो उन्हें चुनाव आयोग दिल्ली बुला सकता है। वहां पर ट्रेनिंग के बाद सभी की परीक्षा ली जाएगी। 

220 अफसर शामिल हुए थे

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आयोग के निर्देश पर बीते 16 एवं 17 मई को कमिश्नरी सभागार में दोनों मंडलों के सात जिलों-मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी के 220 अधिकारियों की परीक्षा हुई थी। इसे सर्टिफिकेट प्रोग्राम परीक्षा नाम दिया गया था। इसके लिए एडीएम प्रशासन मुनींद्र नाथ उपाध्याय और एनआईसी ऑफिसर एबी सिंह केन्द्रीय चुनाव आयोग में ट्रेनिंग के लिए गए थे। दोनों अफसरों समेत पांच सदस्यीय टीम ने परीक्षा ली थी।

Share This News :