Home > अपना शहर ,
श्राद्ध पक्ष शुरुः पितरों को याद कर जलाशय में किया तर्पण

ग्वालियर। पूर्णिमा की शुरुआत होते ही पितृ पक्ष शुरू हो गए। लोगों ने तर्पण कर ब्राह्मणों को भोज कराया और पितृ ऋण से मुक्ति पाने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। पितृपक्ष के पहले दिन प्रतिपदा पर आज लोगों ने श्रद्धा से तर्पण कर पितरों का श्राद्ध किया। जलाशय व घरों में देव, ऋषि व पितरों का स्मरण करते हुए जल अर्पित किया।
आज पूर्णिमा शुरू होते ही लोगों ने तर्पण कर पितरों को याद करते हुए ब्राह्मणों को भोजन कराया। उनका आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान शहर के प्रमुख जलाशयों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। कटोरा ताल के छोटे कुंड सहित जनकताल में अपने पूर्वजों को याद कर कांसे के पात्र में दोनों हाथों में कुशा लेकर जल को छोड़ा। काले तिल व जौ मिश्रित जल छोड़ते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में मुख कर अपनी तीन पीढियों के पूर्वजों को याद कर पितरों को तर्पण किया। ऐसी मान्यता है कि इन दिनों पितृ स्वर्गलोक से उतरकर अपने परिजनों से मिलने आते हैं। इसलिए घर में साफ-सफाई और भक्ति पूजा का माहौल रखा जाता है। वहीं पितरों का आव्हान कर उनका भोग लगाया जाता है। इससे पितृ खुश होकर परिजनों को हमेशा खुश रहने और प्रगति करने का आशीर्वाद दे जाते हैं।

Share This News :