Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
सपाक्स का शक्ति-प्रदर्शन आज, 70 से ज्यादा संगठन होंगे शामिल

भोपाल. सामान्य, पिछड़ा, अल्पसंख्यक वर्ग संस्था (सपाक्स) समाज की क्रांति सभा रविवार को कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में होगी। सभा में सामान्य, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग के 70 से ज्यादा संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभा स्थल तक पहुंचने के लिए सपाक्स ने सोशल मीडिया पर हजार से ज्यादा ग्रुप में रूट चार्ट बनाकर पोस्ट भेजे हैं। प्रमुख पदाधिकारियों का दावा है कि फेसबुक पेज पर 70 हजार लोग जुड़ चुके हैं।


सपाक्स समाज के संरक्षक एचएल त्रिवेदी, युवा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक सोनी एवं प्रवक्ता मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 51 जिलों से लोग आएंगे। इनके वाहन राजधानी में पांच दिशाओं से प्रवेश करेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

 

इन्हें किस रास्ते से आना है यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी गई है। इंतजाम के लिए पांच सौ से ज्यादा लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी भी सपाक्स की सभा में शामिल होंगे।

सभा में आ रहे सदस्यों के लिए रूट चार्ट
- होशंगाबाद रोड से आने वाले वाहन 11 मील तिराहे, सावरकर सेतु, प्रदेश भाजपा दफ्तर, सुभाष स्कूल, बिट्टन मार्केट, शाहपुरा, कोलार तिराहा, पं. खुशीलाल आयुर्वेदिक अस्पताल होते हुए सभा स्थल तक।
- रायसेन रोड से आने वाले वाहन आनंद नगर, भेल दशहरा मैदान, बीजेपी दफ्तर, सुभाष स्कूल, मनीषा मार्केट, कोलार रोड होते हुए।
- विदिशा रोड से आने वाले वाहन मिनाल रेसीडेंसी, जेके रोड, भेल दशहरा मैदान, बीजेपी दफ्तर, सुभाष स्कूल के बाद सभा स्थल तक।
- नरसिंहगढ़-ब्यावरा की ओर से आने वाले वाहन बाइपास, आसाराम चौराहा, लालघाटी, कलेक्टोरेट पीरगेट, कमला पार्क, न्यू मार्केट, माता मंदिर, मैनिट चौराहा, काली मंदिर चौराहा, कोलार रोड होते हुए आएंगे।
- बाहर से आने वाले लोग पांच दिशाओं रातीबड़, बैरागढ़, 11 मील, भेल दशहरा मैदान, एयरपोर्ट रोड की ओर से प्रवेश करेंगे। इन रास्तों पर मीटिंग पाॅइंट बनाए गए हैं, जहां वॉलेंटियर तैनात रहेंगे।

 

ये संगठन होंगे शामिल : सपाक्स के पदाधिकारियों ने बताया कि सभा में राजपूत करणी सेना, श्री परशुराम सेना, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज, प्रगतिशील ब्राह्मण संस्था, क्षत्रिय महासभा, पिछड़ा वर्ग संगठन, वैश्य समाज, प्रतिभा बचाओ संगठन, ब्रह्म समागम समिति, युवा छात्र संगठन, महिला संगठन समेत अनेक संगठन शामिल होंगे।

 

रैली की शक्ल में पहुंचेेंगे : पं. चंद्रशेखर तिवारी, धर्मेंद्र शर्मा कक्का ने बताया कि न्यू मार्केट से वाहन रैली निकालकर सभा स्थल पहुंचेंगे। पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि ब्राह्मण समाज का जत्था सभा स्थल जाएगा। शैलेंद्र व्यास ने बताया कि भेल से लोग वहां पहुंचेंगे। प्रगतिशील संस्था अध्यक्ष संतोष सिंह राजपूत ने बताया कि कई सामाजिक बंधु पहुंचेंगे।

Share This News :