Home > अपना शहर ,
अस्‍पताल में ऑपरेशन वार्ड में आग, प्रसूताओं में मची भगदड़

श्योपुर/ कराहल। à¤à¤¸à¥€ में हुए शॉर्ट सर्किट से कराहल अस्पताल के नसबंदी ऑपरेशन वार्ड में आग लग गई। आग इतनी तेजी से लगी कि वार्ड में रखा ऑपरेशन का सामान सहित कमरे में रखे कपड़े जलकर राख हो गए।

सूचना मिलते ही कराहल पुलिस मौके पर पहुंची और रेत और पानी फेंककर आग पर काबू पाया। करीब पौन घंटा में यह आग बुझ पाई। इधर आग देखते ही प्रसूताओं के बीच भगदड़ मच गई। मरीज व प्रसूताओं को दूसरे एनआरसी व अन्य वार्ड में शिफ्ट कराया।

घटना कराहल अस्पताल की है। रविवार को सभी डॉक्टर शाम को करीब 5:45 बजे ओपीडी में जांच करा रहे थे तभी अचानक अस्पताल में धुएं भर गया। अस्पताल के नसबंदी ऑपरेशन वार्ड में आग की लपटें उठ रही थीं। वार्ड के पास में ही प्रसूताओं का वार्ड था जिसमें भर्ती प्रसूताओं को तत्काल एनआरसी वार्ड में भर्ती कराया गया। स्थिति यह दिखी कि एक प्रसूताओं को संभालता नजर आया तो दूसरा उसके बच्चे को उठाकर एनआरसी में पहुंचाने के लिए दौड़ा।

सूचना मिलते ही कराहल थाना एसआई नरेंद्र राजपूत अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस के साथ मिलकर मरीजों के अटेंडेंट ने आग पर काबू पाया। आग की लपटों से एसी और कपड़े सहित ऑपरेशन का अन्य सामान जलकर राख हो गया है। इधर अस्पताल के बीएमओ पिछले करीब 10 दिन पहले अवकाश पर चले गए हैं।

अस्पताल के जिस वार्ड में आग लगी, उसके बाद पूरे अस्पताल में धुआं छा गया था। वहीं पास में एलपीजी गैस सिलेंडर भी भरा हुआ रखा था। तभी स्टाफ ने तत्काल धुएं के बीच घुसकर सिलेंडर को बाहर निकाला। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल में जो मरीज थे, वे बाहर निकल आए थे। जिन वार्ड में मरीज भर्ती थे वे भी आग और धुएं को देखकर अस्पताल से बाहर निकल आए थे।

Share This News :