Home > अपना शहर ,
दुष्‍कर्म के आरोपी की फांसी की सजा बरकरार

ग्वालियर। à¤¹à¤¾à¤ˆà¤•ोर्ट की युगल पीठ ने 6 साल की मासूम परी (परिवर्तित नाम) के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने वाले आरोपित जितेन्द्र कुशवाह की अपील पर फैसला सुना दिया। कोर्ट ने आरोपित की अपील खारिज करते हुए फांसी की सजा को बरकरार (कन्फर्म) रखा है।

विशेष सत्र न्यायाधीश अर्चना सिंह ने 27 जुलाई को आरोपित को हत्या व दुष्कर्म के मामले में फांसी की सजा सुनाई थी। सजा कन्फर्म के लिए हाईकोर्ट में 8 अगस्त से सुनवाई हुई थी और 24 सितंबर को हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित कर लिया था। याचिका की सुनवाई न्यायमूर्ति संजय यादव व न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल ने की।

न्यू विजय नगर आमखो स्थित सामुदायिक भवन में 20 जून 2018 को आयोजित शादी समारोह में आरोपित जितेन्द्र कुशवाह बिना बुलाए पहुंचा था। पानी के स्टॉल के पास से चॉकलेट देने के बहाने 6 साल की मासूम को अपने साथ ले गया। उसके बाद कैंसर पहाड़ी के जंगल में उसके साथ दुष्कर्म किया। अपराध को छुपाने मासूम की वीभत्स तरीके से हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में फेंक दिया। 21 जून को मासूम का शव मिला।

पुलिस ने 12 दिन में जांच खत्म कर कोर्ट में 2 जुलाई को चालान पेश किया। विशेष सत्र न्यायालय में प्रतिदिन गवाही चली और न्यायालय ने 27 जुलाई को आरोपित जितेन्द्र को फैसला पढ़कर बताया कि धारा 376 ए ब, 302 फांसी की सजा सुनाई जाती है। फंदे पर जब तक टांग कर रखा जाएगा, तब तक तुम्हारे प्राण नहीं निकल जाते हैं। जिला कोर्ट से फांसी होने के बाद कन्फर्म के लिए हाईकोर्ट में मामला पहुंच गया।7 अगस्त से हाईकोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। हाईकोर्ट ने जेल से आरोपित को बुलाया और उससे पूछा कि आपने अपना वकील किया या नहीं। उसने जब वकील नहीं होने की बात कोर्ट बताई तो हाईकोर्ट ने उसकी पैरवी के लिए वकील नियुक्त किए। एक महीने तक बहस चली। हाईकोर्ट ने सुनवाई बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था। 30 दिन बाद कोर्ट ने उसकी अपील पर फैसला सुना दिया। जितेन्द्र कुशवाह की फांसी को बरकरार रखा है। 

Share This News :