Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
अंडमान के तूफान में फंसे 1400 पर्यटक, बचाने के लिए नौसेना ने चलाया बचाव अभियान

अंडमान के हेवलॉक और नील द्वीपों में तूफानी मौसम की वजह से तकरीबन 1400 सैलानी फंस गए हैं। उन्हें निकालने के लिए नौसेना ने आज चार पोतों को लगाया है। पोर्ट ब्लेयर से लगभग 40 किलोमीटर दूर इन दोनों द्वीपों को तूफानी मौसम ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। इस की वजह बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में गहरा दबाव बन गया है जिस कारण से भारी बारिश, तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र अशांत हो गया है।

प्रशासन पहले ही तूफानी मौसम को ‘एल1 आपदा’ के तौर पर घोषित कर चुका है। अंडमान में नील और हेवलॉक बेहद लोकप्रिय पर्यटक गंतव्य स्थल हैं और सैलानियों को वहां से लाने के माध्यम पोत या हेलीकॉप्टर हैं जिन्होंने सोमवार रात से खराब मौसम की वजह से अभियान को रोक दिया है।

दक्षिण अंडमान के उपायुक्त उदित प्रकाश राय ने कहा कि द्वीपों पर आए तकरीबन 1400 पर्यटक फंस गए हैं और अपने घर वापस जाने के लिए पोर्ट ब्लेयर आने में असमर्थ हैं। हेवलॉक और नील द्वीपों की स्थानीय आबादी तूफान से बुरी तरह से प्रभावित हुई है जिसने जरूरी चीजों की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न कर दी है।

फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए भारतीय नौसेना के पोत बित्रा, बंगारम, कुंभीर एलसीयू 38 को तैनात किया गया है। निकालने का काम मौसम की प्रतिकूल स्थितियों की वजह से अभी शुरू नहीं किया जा सका है।

Share This News :