Home > अपना शहर ,
तबादलों से प्रशासन में मची अफरा-तफरी

मध्यप्रदेश में बीते दो सप्ताह से राजनीतिक उठापटक चल रही है। भाजपा कमलनाथ सरकार के अल्पमत में होने का दावा कर रही है, लेकिन लगातार तबादलों का सिलसिला जारी है। पिछले दिनों आईएएस, राज्य प्रशासनिक और पुलिस सेवा के करीब 100 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए।

इनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव क्षेत्र गुना और ग्वालियर के कलेक्टर को बदलना और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दामाद श्रीमन शुक्ला की पदस्थापना भी शामिल है। बड़ी संख्या में हो रहे तबादलों से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई है। उधर, भाजपा भी इन तबादलों पर सवाल उठा रही है। पूर्व मुख्य सचिव केएस शर्मा ने भी सरकार के इस कदम को मौजूदा परिस्थितियों में गैर जरूरी करार दिया है।

प्रदेश सरकार ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के बाद गुना और ग्वालियर के कलेक्टर हटा दिए। शहडोल कलेक्टर ललित दाहिमा का तबादला कर दिया गया। वहीं, भाजपा नेता और वरिष्ठ विधायक डॉ.नरोत्तम मिश्रा के दामाद श्रीमन शुक्ला को महत्वपूर्ण माने जाने वाले राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) में प्रबंध संचालक बनाया है। सरकार 16 आईएएस, 32 राज्य प्रशासनिक सेवा और 40 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले बीते दस दिन में कर चुकी है। वहीं, पुलिस मुख्यालय ने 15 निरीक्षकों के तबादले किए हैं।

Share This News :