Home > अपना शहर ,
गन्ना व्यवसाय में श्रेष्ठ उत्पादन एवं रोजगार के अवसर विषय पर हुआ सेमीनार का आयोजन

कलेक्टर श्री वेद प्रकाश के निर्देशानुसार गन्ना व्यवसाय में श्रेष्ठ उत्पादन एवं रोजगार के अवसर विषय पर पीजी कॉलेज नरसिंहपुर में एक दिवसीय सेमीनार/ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया।
         प्रशिक्षण में सहायक संचालक गन्ना डॉ. अभिषेक दुबे ने बताया कि जिले में कृषि क्षेत्र में व्यापक संभावनायें हैं। गन्ना की खेती में नवीन तकनीकों एवं वैज्ञानिक तरीके से अधिक उत्पादन लिया जा सकता है। उन्होंने जिले में गन्ना की खेती की उपलब्धियों के बारे में बताया। करेली सुगर मिल के डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने गन्ने की खेती में नर्सरी तैयार करने और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने गन्ने की खेती में रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। महाकौशल सुगर मिल के श्री ओमप्रकाश त्रिपाठी एवं करेली सुगर मिल के श्री संतोष कौरव ने शक्कर उद्योग में रोजगार के अवसर और वांछित योग्यता के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने व्यावसायिक एवं आंकलन पर आधारित कृषि प्रक्रिया के बारे में बताया।
         जिला विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. आलोक तिवारी ने शासन द्वारा इस प्रकोष्ठ और कॉलेज के माध्यम से चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शक्कर मिलों के प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया कराने के लिए प्रशिक्षण देने का आग्रह किया।
          इस अवसर पर डॉ. शोभा मिश्रा, कु. दिव्या पटैल, डॉ. तक्कलुम खान, श्रीमती चेतना उपाध्याय, श्री संतोष अवस्थी और छात्र- छात्रायें मौजूद थी। पीजी कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आरबी सिंह ने आभार प्रकट किया।

Share This News :