Home > अपना शहर ,
वसूली प्रभारी प्रतिदिन करें लक्ष्य की पूर्ति, अन्यथा रहें कार्यवाही के लिये तैयार - निगमायुक्त वर्मा

सम्पत्तिकर वसूली में कतई लापरवाही न करें तथा सभी कर संग्रहक एवं वसूली प्रभारी अपना प्रतिदिन का लक्ष्य पूरा करें अन्यथा कार्यवाही के लिए तैयार रहें। इसके साथ ही मैरिज गार्डन, होटल, हाॅस्पिटल आदि बडी-बडी सम्पत्तीयों से सम्पत्तिकर की वसूली करें। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा ने सम्पत्तिकर वसूली की समीक्षा करते हुए व्यक्त किए। समीक्षा बैठक के दौरान अपर आयुक्त श्री आरके श्रीवास्तव, श्री मुकुल गुप्ता, श्री राजेश श्रीवास्तव, उपायुक्त श्री जगदीश अरोरा सहित सभी सहायक सम्पत्तिकर अधिकारी उपस्थित रहे। 
   निगमायुक्त श्री शिवम वर्मा ने प्रशासनिक भवन पर संपत्तिकर वसूली की समीक्षा करते हुए विभाग के सभी अधिकारियों की बैठक ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा ने संपत्तिकर वसूली की समीक्षा करते हुए उपायुक्त संपत्ति कर एवं वसूली प्रभारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संपत्तिकर वसूली के लिए सभी अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में कैंप आयोजित करें तथा नागरिकों को संपत्ति कर के बारे में जानकारी दें, जिससे नागरिक स्वेच्छा से आकर अपना संपत्ति कर जमा कर सकें। इसके साथ ही बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी करें तथा कुर्की इत्यादि की कार्रवाई भी तेजी से करें।
   बैठक में निगमायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि संपत्तिकर वसूली का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराया जाए इसके साथ ही होर्डिंग आदि भी लगाए जाएं, साथ ही स्वच्छता वाहनों से भी प्रचार-प्रसार कराया जाए और लोगों को संपत्तिकर जमा करने के प्रति जागरूक किया जाए। समस्त करसंग्रहक प्रतिदिन प्रदत्त लक्ष्य की पूर्ति अनिवार्य करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही बड़े बकायेदारों से वसूली हेतु कर संग्रहक, सहायक संपत्तिकर अधिकारी, उपायुक्त, अपर आयुक्त एवं मदाखलत आदि सामूहिक योजना बनाकर वसूली की कार्यवाही करें।

Share This News :