Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
नोटबंदी के बाद छापेमारी जारी, पुणे से 10 करोड़ की नई करंसी बरामद

नोटबंदी के बाद से देश के कई शहरों में नई करंसी के नोट बड़े पैमाने पर मिल रहे हैं। आयकर विभाग ने बुधवार को पुणे से 10 करोड़ रुपये की नई करंसी बरामद की है। इसके अलावा कर्नाटक और गोवा से आज कुल 3.57 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। इसमें 2.93 करोड़ रुपये नये नोटों में हैं। इसमें से बड़ी राशि यहां के एक फ्लैट से जब्त की गई, जिसकी सुरक्षा के लिये दो खूंखार कुत्तों और एक वृद्ध महिला को रखा गया था।

अधिकारियों ने कहा कि विभाग के अधिकारियों को एक गुप्त सूचना मिली कि यशवंतपुर क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में कुछ नकदी है लेकिन वे कल छापे को अंजाम नहीं दे सके। ऐसा इसलिए क्योंकि फ्लैट में रहने वाली वृद्ध महिला ने आयकर अधिकारियों के साथ सहयोग करने और अपने दो कुत्तों को बांधने से इनकार कर दिया।

अंतत: अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से प्रवेश किया और पाया कि वहां एक कमरा बंद था। आयकर विभाग की टीम ने पाया कि एक व्यक्ति ने तड़के फ्लैट का दौरा किया था। उस बंद कमरे से 2.89 करोड़ बेहिसाबी रुपये जब्त किये गए जिसमें से 2.25 करोड़ रुपये दो हजार रुपये के नये नोट में थे।

एक अलग मामले में गोवा की राजधानी पणजी में विभाग में दो हजार रुपये के नये नोट में 67.98 लाख रुपये एक व्यक्ति से जब्त किये। यह व्यक्ति उन आयकर अधिकारियों से मिला जो नकदी की खोज में फर्जी ग्राहक बने हुए थे। नोटबंदी के बाद विभाग की कर्नाटक एवं गोवा स्थित जांच इकाइयों ने कुल 29.86 करोड़ रुपये जब्त किये, जिसमें से 20.22 करोड़ रुपये नये नोट में, 41.6 किलोग्राम सर्राफा और 14 किलोग्राम जेवरात शामिल हैं। विभाग ने कहा कि उसने इन दो राज्यों में अपने 36 अभियानों के तहत 1000 करोड़ रुपये की बेहिसाबी राशि का पता लगाया है।

वहीं प्रवर्तन निदेशालय आज चंडीगढ़ के एक कपड़ा कारोबारी के परिसरों पर छापेमारी कर वहां से नकद 2.20 करोड़ रुपये जब्त किए। चंडीगढ़ के पुलिस उपायुक्त (मध्य) राम गोपाल ने बताया कि आरोपी इन्द्रपाल महाजन को आज गिरफ्तार कर लिया गया।

Share This News :