Home > अपना शहर ,
संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया यातायात एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक सहित अन्य सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर यातायात व साफ सफाई व्यवस्था को देखा तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही कोविड -19 की गाइडलाइन का पालन करने व मास्क लगाने के लिए आमजनों को प्रेरित किया और सभी से कोरोना से बचाव का आग्रह किया।
संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सैना, पुलिस महानिरीक्षक श्री अविनाश शर्मा, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया जिसमें झांसी रोड बस स्टेन्ड, रेलवे स्टेशन के पास बने बस स्टेन्ड, रेलवे स्टेशन के बाद गोला का मंदिर क्षेत्र में भ्रमण किया तथा यातायात व्यवस्था के साथ ही साफ सफाई व्यवस्था को भी देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित तथा लगातार मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए।
कोरोना को हराने के लिए आमजनों को किया जागरुक
इसके बाद गोला का मंदिर क्षेत्र में वैश्विक महामारी कोरोना को हराने के लिए ग्वालियर जिले में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत शाम 7.00 बजे सायरन बजाया गया तथा सायरन के साथ जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजनों ने मास्क लगाकर एवं सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खड़े होकर जिलेवासियों को संदेश दिया। जन जागरूकता अभियान के दौरान संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना, आईजी श्री अविनाश शर्मा, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं शहरवासी मौजूद रहे। इस अवसर  पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में उपस्थित नागरिकों, वाहनचालकों को सलाह दी कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा आवश्यक हो तभी वह घर से बाहर निकलें और खुद भी मास्क लगाएं और दूसरों को भी मास्क लगाने के लिए प्रेरित करें।

Share This News :