Home > अपना शहर ,
पदयात्रा सफल ; पेयजल का स्थाई समाधान होगा

ग्वालियर। चंबल से ग्वालियर तक पानी लाने का दिवास्वपन अब पूरा होने को हैं। योजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही इसको लेकर श्रेय की राजनीति भी शुरू हो गई हैं। लेकिन आपको पता है कि चंबल से ग्वालियर हम पानी लाने की योजना का शंखनाद फूंकने वाला भागीरथ कौन हैं और किसके प्रयासों से यह योजना साकार होने को है। यह चंबल का भागीरथ रविन्द्र सिंह भदौरिया है। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहते रविन्द्र भदौरिया ने 2005 से लगातार मांग उठाकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया था और 10 मई 2007 को 48 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में पदयात्रा कर चंबल का पानी सर पर कलश में लाकर जिला प्रशासन व राजनेताओं को सौंपा था। अब यह उनकी चंबल जल ग्वालियर में आये इसकी पदयात्रा सफल हो गई है।
आज कांग्रेस नेता रविन्द्र सिंह भदौरिया ने पत्रकारों को इस चंबल जल आंदोलन की याद दिलाई, उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उनकी व युवक कांग्रेस की मांग पर ग्वालियर को चंबल नदी से जोड़ने का काम अब शुरू होने जा रहा है जिससे पेयजल समस्या के नाम पर हर वर्ष होने वाला करोड़ों रूपये का भ्रष्टाचार बंद होगा और पेयजल के स्थाई समाधान का सपना पूरा हो जायेगा। इस योजना की स्वीकृति को उन्होंने संगठन के संघर्ष की जीत बताते हुये इस प्रोजेक्ट की देरी के लिए प्रदेश और केन्द्र की भाजपा को दोषी ठहराया। युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि हमने 2005 में चंबल को ग्वालियर से जोड़ने की मांग उठाई थी उसके बाद इस मांग को जन आंदोलन बनाने के लिए 10 मई 2007 को चंबल नदी से ग्वालियर तक हजारों लोगों के साथ 48 डिग्री तापमान में पदयात्रा कर, धरना प्रदर्शन, ज्ञापन और पूरे शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर इससे सभी को जोड़ा और शासन प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया तब नींद से जागे निगम प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर भेजा और पानी लाने का रास्ता खुला। 
भदौरिया ने आरोप लगाते हुये कहा कि पिछले 15 वर्षों से हमारा संगठन प्रदेश की भाजपा सरकार और ग्वालियर की भाजपा शासित निगम परिषद से लगातार पेयजल समस्या के स्थाई समाधान की मांगें उठा रहा था, लेकिन उनके द्वारा कभी ककेटो, पेहसारी से पानी लाने की बात कहकर तो कभी चंबल योजना को अधिक खर्चीला बताकर टाला जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि मप्र के भाजपा के बड़े नेताओं के लापरवाहपूर्ण रवैये के कारण ग्वालियर की जनता को इतने दिनों तक पानी की गंभीर समस्या से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से ठीक ढंग से बारिश नहीं होने से तिघरा खाली रहता था जिससे शहर को कभी 2 दिन छोड़कर तो कभी 1 दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा था जिससे टेंकरों, टयूबवैल द्वारा पानी सप्लाई और ककेटो, पेहसारी से पानी लिफ्ट कराने के नाम पर करोड़ों रूपये खर्च किये जाते थे, लेकिन अब स्थाई समाधान हो जाने से हर साल होने वाले करोड़ों रूपये के पानी घोटाले पर रोक लगेगी। 
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से वन विभाग ने चंबल सेंचुरी का हवाला देते हुये चंबल नदी का पानी ग्वालियर को दिये जाने पर आपत्ति जताई थी। जबकि इसी जगह से राजस्थान के भरतपुर, कोटा, करौली को पानी कैसे दिया जा रहा है। अगर समस्या थी तो अब एनओसी कैसे मिल गई जबकि सच्चाई यह है कि इस प्रोजेक्ट को प्रदेश सरकार द्वारा जानबूझकर लटकाकर रखा गया था। उन्होंने कहा कि लगभग 100 वर्ष पूर्व तिघरा बांध मात्र 50 हजार की आबादी के लिये बनाया गया था अब शहर की जनसंख्या 10 लाख से अधिक है। इसलिये तिघरा बांध की क्षमता आबादी के अनुपात में खत्म हो चुकी थी। अपर ककेटो, ककेटो और पेहसारी भी ग्वालियर की प्यास तब बुझा पाते थे जब भरपूर वर्षा होती थी।
चंबल से तिघरा तक करीब 70 किमी पाइपलाइन द्वारा पानी लाने के इस प्रोजेक्ट को मुरैना वन अभ्यारण्य की एनओसी न मिलने से यह प्रोजेक्ट रूक गया था, लेकिन अब यह रूकावट दूर हो गई है। वन विभाग द्वारा ग्वालियर और मुरैना को जाइन्ट एनओसी दिये जाने से 150 एमएलडी पानी ग्वालियर और 90 एमएलडी पानी मुरैना को मिलेगा। इस योजना पर लगभग 300 करोड़ रूपये खर्च होने का अनुमान है। पत्रकारवार्ता में युवक कांग्रेस के पूर्व महामंत्री रामनरेश शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष बाथम, सुभाष माहौर भी उपस्थित थे। 
 

Share This News :