Home > अपना शहर ,
घर के अंदर चल रही थी अवैध शराब फैक्ट्री, केमिकल्स से बना रहे थे जहरीली शराब, तीन गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने एक घर से शराब की अवैध फैक्ट्री को पकड़ा है। मौके से 3 शराब तस्कर, काफी मात्रा में ओपी केमिकल्स, 12 पेटी तैयार शराब जब्त की है। बाहर से किसी को नहीं लग रहा था कि अंदर पूरा फैक्ट्री का सेटअप लगा हुआ है। बोटलिंग से लेकर शराब बनाने तक पूरा काम हो रहा था। अंदर केमिकल्स से जहरीली शराब बनाई जा रही थी। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में पता लगा है कि यह पूरी शराब अनलॉक के लिए तैयार की जा रही थी। जैसे ही अनलॉक होगा शराब की डिमांड बढ़ेगी। उस समय कम दाम में यह शराब ठिकाने लगाई जाएगी।

डीएसपी क्राइम विजय भदौरिया ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली थी कि हजीरा थाना क्षेत्र में एक अवैध शराब फैक्ट्री चल रही है, जहां पर ओपी से जहरीली शराब बनाई जाती है। सूचना पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पप्पू यादव को कार्रवाई के लिए निर्देशित करते हुए तीन टीमें पप्पू यादव, एसआई बलराम मांझी तथा उप निरीक्षक सतीश यादव के नेतृत्व में बनाईं। मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीमों ने अशोक शिवहरे के घर पर दबिश दी। अशोक के घर से से 90 लीटर ओपी केमिकल,12 पेटी बनी हुई शराब, आधा बोरा ढक्कन, खाली क्वार्टर के साथ ही एक मशीन पर शराब बना रहे अजीत तोमर व राहुल खटीक को भी गिरफ्तार किया है। इनको क्राइम ब्रांच थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।

गैलरी में बोटलिंग, रूम में रखी थी मशीन

क्राइम ब्रांच जब अंदर पहुंची तो गैलरी में शराब के खाली क्वार्टर तथा आंगन में केन में भरी हुई ओपी मिली और कमरे में मशीन से शराब बनाने का काम चल रहा है। शराब बरामद होने के बाद आरोपियों ने छत के रास्ते भागने का प्रयास किया, लेकिन यहां पर पहले से ही पड़ोसियों के घरों से होते हुए क्राइम ब्रांच की टीम मौजूद थी, जिससे तस्कर भाग ना सके।

Share This News :