Home > अपना शहर ,
बाजार हुए अनलॉक, दाएं तरफ की दुकानें खुलीं, सुबह से रही भीड़, शराब दुकानों को खुली छूट

ग्वालियर 47 दिन बाद मंगलवार  से अनलॉक हुआ है। अनलॉक का मतलब सारी दुकानें खुली हैं। सैलून, ब्यूटी पार्लर, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रीकल्स, एसी, ऑटो मैकेनिक से लेकर मिठाइयों तक की दुकानें खुली हैं। ग्वालियर के सदर बाजार मुरार, हजीरा व लश्कर के बाजार में जब मंगलवार सुबह पहुंचे तो यहां दाएं ओर का मार्केट खुला नजर आया। हर दुकान पर भीड़ थी, जबकि बाएं ओर की दुकानों के शटर तो डाउन थे, पर दुकानदार चोरी छुपे सामान बेचते नजर आए।

बाजार सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खुलने हैं। मंदिर भी अभी बंद है, लेकिन मधुशाला मतलब शराब दुकानों को अलग ही छूट दी गई है। न तो इनको दाएं व बाएं दिशा में बांधा गया है न ही समय सीमा। बाजार शाम को बंद होंगे पर शराब दुकानें रात 10 बजे तक खुलेंगी। 

ऐसे हो रहे हैं बाजार अनलॉक

  • शहर के मुरार, लश्कर, ग्वालियर, हजीरा सहित समस्त बाजार जहां मिनटों में भीड़ लग जाती है वह सभी ऑड-ईवन पैटर्न पर खोले जाएंगे। ऐसें समझें कौन सी दुकान कब खुलेगी।
  • पूर्व से चलकर पश्चिम दिशा की ओर जाने पर दांए हाथ की दुकानें मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को खोलीं जाएंगी, जबकि बांए हाथ की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खोली जाएंगी।
  • उत्तर दिशा से चलकर दक्षिण दिशा की ओर चलकर जाने पर दांए हाथ की दुकानें मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को खुलेंगी, जबकि बांए हाथ की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खोली जाएंगी।
  • जो दुकानें चौराहा या तिराहों पर हैं और दिशा में उलझन है उनका फैसला संबंधित क्षेत्र का थाना प्रभारी या इंसीडेंट कमांडर पर रहा, लेकिन मंगलवार को ही वह सारी दुकानें खुलीं।

सुबह से रही बाजारों में भीड़

अनलॉक होने के साथ ही मंगलवार सुबह से ही बाजार खुलने शुरू हो गए। व्यापारियों को कोई उलझन न हो इसके लिए रात को ही संबंधित क्षेत्र के SDM, CSP व अन्य पुलिस अफसरों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर समझा दिया था कि मंगलवार को किस ओर की दुकानें खुलनी हैं। कुछ व्यापारियों ने इस तरह बाजार खोलने पर नाराजगी भी जताई, लेकिन अफसरों ने उनको समझाया कि यह कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। संक्रमण को रोकने के लिए अस्थायी व्यवस्था है जिसका कुछ दिन पालन करना है। साथ ही रात से व्यापारियों ने दुकानों के सामने गोले बनाए। मंगलवार दोपहर जब प्रशासन की टीम बाजार में घूम रही थी तो एक दुकान का कर्मचारी मास्क नहीं पहनने पर बहस करता नजर आया। जिस पर दुकान मालिक ने अपने ही कर्मचारी को चप्पल से पीटा और दुकान से हटा दिया।

जिस पर खाता चलता है वह दुकान तो कल खुलेगी

  • महीने की पहली तारीख थी तो स्वभाविक है कई लोग महीने भर का राशन लेने निकले थे, लेकिन बाजार पहुंचकर पता लगा कि जिस दुकान पर उनका महीने का हिसाब चलता है वह तो कल खुलेगी। तो वह अनलॉक होने के बाद भी सामान लिए बिना वापस चले आए।

जिला प्रशासन, पुलिस ने बाजारों में लगाए चक्कर

  • बाजारों में नियमों की अनदेखी न हो इसके लिए लगातार जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें घूमतीं नजर आईं। बाजार में कई जगह मास्क न पहने होने पर व्यापारियों व कर्मचारियों के चालान किए गए। पुलिस ने दुकानों के बाहर सामान जमाने पर भी फटकार लगाई।

हाथ ठेला वालों के लिए नहीं कोई दिशा

  • बाजारों में हाथ ठेला वाले भी खूब खड़े नजर आए हैं। उनके लिए कोई नियम या दिशा नहीं थी। वह जिस दिशा की दुकानें खुलनी थीं उसी दिशा में खड़े हो गए। बुधवार को वह उसी दिशा में खड़े हो जाएंगे जहां दुकाने खुलनी हैं।

कर्फ्यू के साथ बंद होंगी शराब दुकानें

  • शराब दुकानों के समय को लेकर सभी में नाराजगी है। सीएम एक ओर से बाजारों को शाम 5 बजे तक बंद कर रहे हैं। जिससे शाम के समय भीड़ न जुटे, लेकिन दूसरी ओर आबकारी विभाग ही उनके आदेश को दरकिनार कर रहा है। मतलब शराब दुकानें रात 10 बजे तक खुलेंगी। नाइट कर्फ्यू के साथ दुकाने बंद होंगी। साथ ही इनके लिए दिशा की भी बंदिश नहीं है। कोई भी दिशा का टर्न हो शराब दुकानें हर दिन खुलेंगी।

Share This News :