Home > अपना शहर ,
बुधवार को बाजार में बायीं ओर की दुकानें खुलीं, सुबह रही सहालग की चहल-पहल, दोपहर में धूप ने लगाया कर्फ्यू

ग्वालियर . बुधवार को बायीं ओर की दुकानें खुली हैं। सुबह से ही मुरार, लश्कर व ग्वालियर-हजीरा के बाजारों में सहालग की खरीदारी करने वालों की चहल-पहल रही। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी गश्त करती नजर आईं। दोपहर होते-होते धूप तेज हुई, तो बाजारों में सन्नाटा छाने लगा। मुरार और हजीरा के बाजार में सन्नाटा छा गया, लेकिन बाड़ा के बाजार दोपहर बाद भी गुलजार नजर आए।

बुधवार को दायीं ओर की दिशा में दुकानों को बंद रखना था, लेकिन कई बाजारों में इस दिशा वाले भी दुकानें खोले नजर आए। अनलॉक के दूसरे दिन बाजार संतुलित दिखे। दुकानदार मास्क व सोशल डिस्टेंस का पालन करते और कराते नजर आए।

सहालग की दिखी भीड़

जून में शादी विवाह के लिए 8 शुभ मुहूर्त 3, 4, 5, 16, 20, 22, 23, 24 जून को हैं। इस कारण बाजारों में ऐसी दुकानें जहां शादियों से जुड़ी सामग्री मिलती है। जैसे गहने, कपड़े, शादियों में उपयोग होने वाले पूजा या अन्य सामग्री की दुकानों पर भीड़ रही। 3 जून को अच्छा सहालग है और काफी शादियां हैं। जिस कारण बाजार में चहल-पहल दिख रही है। सबसे ज्यादा कपड़ा बाजार में भीड़ है।

एनाउंसमेंट कर रही पुलिस, 5 बजे बंद करना है दुकान

पुलिस बाजारों में लगातार एनाउंसमेंट भी कर रही है कि शाम 5 बजे दुकानें बंद करनी है। सभी समय का विशेष ध्यान रखें। यदि इसके बाद दुकान खुली दिखती है, तो कार्रवाई की जाएगी।

 
 

Share This News :