Home > अपना शहर ,
पति को बचाने के लिए पुलिस से भिड़ गई महिला

ग्वालियर में छेड़छाड़ से परेशान महिला पति के साथ हजीरा थाने शिकायत करने जा रही थी। महिला को नहीं पता था कि रास्ते में एक और मुसीबत इंतजार कर रही है। अभी वह थाने पहुंचते, उससे पहले ही पुलिस की जीप ने घेर लिया। पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया। इतना ही नहीं उसे जीप में डालकर ले जाने लगे।

महिला पुलिस की जीप से लटक गई। सड़क पर हंगामा कर दिया। शोर सुनकर हजीरा थाना से पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने पूछताछ की, तो पता लगा महिला के पति की शराब तस्करी में तलाश थी। इसके बाद मुरैना सिविल लाइन थाना पुलिस उसे ले गई। हजीरा पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।

हजीरा क्षेत्र के माधवी नगर में रहने वाली 25 वर्षीय महिला के साथ पड़ोसी नितिन राजावत व शिवम राजावत द्वारा शनिवार रात छेड़छाड़ की गई थी। विरोध करने पर दोनों ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर दी। महिला छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत अपने पति के साथ शनिवार रात हजीरा थाना जा रही थी।

अभी वह थाने से कुछ ही दूरी पर थे, तभी एक पुलिस वाहन उनके पास रुका। उसमें सवार पुलिसकर्मियों ने महिला के पति को पकड़कर वाहन में बैठा लिया। इस पर महिला पुलिस वाहन में सिविल ड्रेस में सवार युवकों से भिड़ गई। इसी समय, सड़क पर हंगामा होता देख हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ताल की तो पता चला कि युवक को हिरासत में लेने वाली मुरैना के सिविल लाइन थाना पुलिस है।

शराब तस्करी के मामले मे थी युवक की तलाश

मुरैना की सिविल लाइन थाना पुलिस ने ग्वालियर के हजीरा थाना पुलिस को बताया, युवक की तलाश पुलिस को शराब तस्करी के मामले में है। इसकी कार सिविल लाइन थाने में जब्त है। इसके बाद पुलिस महिला के पति को लेकर मुरैना रवाना हो गई। वहीं हजीरा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर पड़ोसी युवकों पर छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायत दर्ज कर ली है, आरोपी की तलाश की जा रही है

हजीरा थाना टीआई आलोक परिहार महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ की FIR दर्ज कर ली गई है। महिला के पति को आबकारी मामले में पूछताछ के लिए मुरैना पुलिस ले गई है।

Share This News :