Home > अपना शहर ,
SP ऑफिस में बम की खबर से हड़कंप

ग्वालियर | पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया, जब कंट्रोल रूम पर एक धमकी भरा कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने एसपी ऑफिस में बम प्लांट कर दिया है। किसी गेट पर कोई सुरक्षा नहीं है। बहुत आसान है बम से उड़ाना। यह सुनते ही जो अफसर जहां गश्त कर रहे थे, वह सीधे SP ऑफिस पहुंच गए।

यहां एक युवक परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया। तत्काल उसे हिरासत में लिया। वह नशे में तो था ही, साथ ही मानसिक रूप से दिव्यांग भी था। पूछताछ की तो उसने कॉल करने की बात कही। उसकी स्थिति ऐसी नहीं थी कि उससे पूछताछ की जाए। पुलिस ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया है। फिर भी एहतियातन SP ऑफिस की छानबीन की गई है।

ग्वालियर में सुबह गश्त पर निकले पुलिस अफसरों के उस समय होश उड़ गए, जब कंट्रोल रूम पर आए कॉल का पता लगा। कॉलर ने SP ऑफिस में बम रखकर उड़ाने की धमकी दी। यह बात पुलिस कप्तान से लेकर अन्य सीनियर ऑफिसर्स को दी गई। गश्त पर निकले अफसर तत्काल भागे। इस दौरान BDS (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) को भी सूचना कर दी गई। तैयारी के साथ जवान और अफसर वहां पहुंच गए।

टहलता मिला एक संदिग्ध, हिरासत में लिया

पुलिस अफसर जब SP ऑफिस परिसर पहुंचे, तो यहां एक युवक टहलता हुआ मिला तो अफसर सकते में आ गए। तत्काल संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की। जानकारी जुटाई तो पता चला कि युवक मानसिक रूप से दिव्यांग है। साथ ही नशे का आदी है। इसका पता चलते ही वरिष्ठ अफसरों से चर्चा कर युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। युवक ने फोन करने की बात भी कुबूल की है। इसके बाद अफसरों ने चैन की सांस ली।

सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड को चकमा देकर घुसा अंदर

SP ऑफिस के दो गेट हैं। शाम होते ही एक गेट पर ताला लगा दिया जाता है। जिस गेट से युवक अंदर प्रवेश किया है, वहां से पुलिसकर्मियों का आना जाना रहता है। यहां पुलिस जवान भी तैनात रहते हैं। पुलिस अफसरों का मानना है कि युवक रात को ही परिसर में प्रवेश कर गया होगा, जिससे वह सुरक्षाकर्मियों की नजर में नहीं आया है। इसके बाद वह रात भर अंदर ही रहा है। उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने पर उसे छोड़ दिया गया है।

CCTV कैमरे की फुटेज देखी जाएगी

पुलिस अब इस मामले में SP ऑफिस में लगे CCTV कैमरे के फुटेज भी चेक करेगी। जिससे पता चल सके कि युवक किस समय SP ऑफिस में अंदर दाखिल हुआ और उस समय सुरक्षाकर्मी कहां थे।

फेक कॉल था

इस पर पुलिस कप्तान अमित सांघी का कहना है कि सूचना मिली थी जिस पर गश्त पर निकले पुलिस अफसर तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच की। तभी पता लगा कि यह एक फेक कॉल था। सूचना देने वाला मानसिक रूप से कमजोर युवक है। उसे पूछतछ कर जाने दिया गया है।

Share This News :