Home > अपना शहर ,
जिला अस्तपाल की अव्यवस्था देख भड़के प्रभारी मंत्री सिलावट

ग्वालियर | जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट गुरुवार की सुबह मुरार स्थित जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचे। प्रभारी मंत्री को अस्पताल के हालात बद से बदतर मिले। यहां मरीज व अटेण्डरों को पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी।वहीं, वार्डों में मरीज के पंखे बंद थे। अस्पताल में मरीज, दवा व जांच के लिए लंबी लाइन लगाकर खड़े थे। अस्पताल का यह नजारा देखकर मंत्री भड़क गए और उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन व आरएमओ की क्लास ले डाली। मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल के यह हालत बना रखे है। हालत सुधार लो। मैं दस दिन का समय दे रहा हैं। व्यवस्थाएं बेहतर कर लो। मैं, 10 दिन बाद अस्पताल का निरीक्षण करने फिर आऊंगा। व्यवस्थाओं में सुधार नहीं मिला तो बक्शा नहीं जाएगा।

गुरुवार की सुबह जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट एक्शन मोड़ में नजर आए। वे मुरार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्हें पर्चा काउंटर से लेकर वार्ड में इलाज संबंधी व्यवस्थाएं बेपटरी मिली। इस पर सबसे पहले उन्होंने, सिविल सर्जन डॉ.डीके शर्मा व आरएमओ डॉ. विपिन गोस्वामी से पूछा कि करोड़ों रुपए शासन से बजट मिलने के बाद भी मरीजों को आप इलाज संबंधी सुविधाएं देना तो दूर आप पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे है। अस्पताल में गरीब मरीज ही बीमारी का इलाज कराने आते हैं क्या इस बात का भी आपको ख्याल नहीं है। दस दिन में उपचार संबंधी व्यवस्थाएं सुधार ली जाए, इसके लिए में मॉनीटरिंग करुंगा। दस दिन बाद मुझे सभी सुविधाएं अस्पताल परिसर में मिलना चाहिए।

मरीजों से बातचीत कर पूछा उनका हाल

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री सिलावट ने मुरार जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत की। इस दौरान कुछ छोटी-मोटी शिकायतें भी मिली जिन्हें तत्काल दूर कराया गया। इस मौके पर मौके पर मौजूद सीएमएचओ व अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांट व सीटी स्केन मशीन को जल्द शुरु करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, मदन कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी सहित कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह,सीएमएचओ डॉ.मनीष शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक व स्वास्थ्य अधिकारी मोजूद थे।

मंत्री कुशवाहा के घर पहुंचे प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट गुरुवार आज सुबह गांधी रोड स्थित 17 नंबर बंगले पर मंत्री भारत सिंह कुशवाहा से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान कुशवाह ने सिलावट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान मंत्रीद्वयों ने शहर के विकास को लेकर चर्चा की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष शहर कमल मखीजानी एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा भी मौजूद रहे।

Share This News :