Home > अपना शहर ,
ग्रामीण विकास योजनाओं की राशि का पूरा सदुपयोग हो – संभाग आयुक्त सक्सेना

ग्वालियर । सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिये मुहैया कराई जा रही राशि का पूरा सदुपयोग हो। शासकीय धनराशि का दुरूपयोग करने वाले ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस आशय के निर्देश संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने गूगल मीट के जरिए ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों की जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। 

सोमवार को हुई गूगल मीट में संभाग आयुक्त श्री सक्सेना ने निर्देश दिए कि महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। साथ ही श्रमिकों के भुगतान में देरी न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संबंधित हितग्राहियों के खाते में किस्त की राशि समय से जमा करने पर भी बल दिया। श्री सक्सेना ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बनाए गए महिला स्व-सहायता समूहों को अभियान बतौर बैंकों से लिंक करने के निर्देश भी इस अवसर पर दिए। 

संभाग आयुक्त ने कोविड अनुकूल व्यवहार के लिए जन जागरूकता अभियान जारी रखने पर जोर देते हुए कहा कि लगातार कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों एवं दुकानदारों इत्यादि से जुर्माना भी वसूलें। श्री सक्सेना ने ग्वालियर जिले की तर्ज पर कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए एहतियात बतौर कर्मचारियों का डाटाबेस तैयार करने के लिये भी सभी जिला कलेक्टर से कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि इसके लिए चिन्हित कर्मचारियों को विधिवत प्रशिक्षण दें और उनका अनिवार्यत: कोरोना टीकाकरण भी कराएं। 

गूगल मीट में अंकुर अभियान की भी समीक्षा की गई। संभाग आयुक्त ने वृक्षारोपण के साथ-साथ वायुदूत एप पर पंजीयन जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हरियाली अमावस्या 8 अगस्त को प्रास्तावित वृहद वृक्षारोपण के लिए अभी से स्थल चयन कर गड्डे आदि खोदने की कार्रवाई की जाए।

Share This News :