Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने में नागरिक दें सहयोग : स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह

ग्वालियर । भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के द्वारा शुरू की गई मुहिम ट्रांसपोर्ट फ़ॉर ऑल चैलेंज में ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा भागीदारी निभाई जायेगी। इस मुहिम का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में ऐसे सुधार व समाधान विकसित करना है जो सभी नागरिकों की ज़रूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकें। यह जानकारी आज शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने भारत सरकार के तत्वधान में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यशाला में दी। कार्यशाला में स्मार्ट सिटी सीओओ श्री स्वप्निल श्रीवास्तव, आरटीओ श्री एसपीएस चौहान सहित सम्बंधित अधिकारी, ग़ैर सरकारी संगठन, यातायात सुधार समिति के सदस्यों ने भाग लिया।  

ग्वालियर स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई इस मुहिम में ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा भाग लिया जा रहा है जिसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को बेहतर करने के साथ साथ आमजन को उसका लाभ पहुँचाना है। श्रीमती सिंह ने इस मुहिम में ज्यादा से ज्यादा आमजन को भी जुड़ने की अपील की। 

कार्यशाला में केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि इस चैलेंज के तीन चरण हैं जिसमें प्रथम चरण में गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से शहरों में समस्या की पहचान , प्रमुख आवर्ती समस्याएं जो नागरिक

और सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के समक्ष हैं इनके बारे में विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी। जिसके तहत औपचारिक और अनौपचारिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते समय नागरिकों को जो सामना करना पड़ता है, उनकी पहचान करने के उपरांत बस और आईपीटी ऑपरेटरों से परामर्श करना रहेगा। वही इस मुहिम के द्वितीय चरण में समाधान निकालना, स्टार्टअप द्वारा समाधान के प्रोटोटाइप विकसित करना तथा इनपुट के साथ सार्वजनिक परिवहन में सुधार करने के लिए ट्रांसपोर्ट टास्क फ़ोर्स के सदस्यों से साझा करना होगा। जबकि तृतीय चरण में इन समाधानों का पायलट परीक्षण कर नागरिक प्रतिक्रिया ड्राफ़्ट की जाएगी।

Share This News :