Home > अपना शहर ,
वाहन चोर पकड़ा, 3 गाड़ियां बरामद

 

ग्वालियर | पुलिस को देखकर भागा युवक जब पकड़ा गया तो शातिर वाहन चोर निकला है। उसके घर पहुंची पुलिस ने चोरी के तीन वाहन भी बरामद किए हैं, लेकिन हैरत तब हुई जब मोहल्ले के लोग उसे डॉक्टर साहब कह रहे थे। वाहन चोर एक अस्पताल में सफाई कर्मचारी है, लेकिन उसने खुद को मोहल्ले में डॉक्टर बताया था।

जब पुलिस ने थाने ले जाकर उसकी डॉक्टरी निकाली तो उसने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करना कुबूल किया है। पुलिस को उससे 20 चोरी के वाहनों की तलाश है। अभी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बहोड़ापुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक रवि पाठक, आरक्षक तारासिंह, धर्मेन्द्र तोमर तथा विजय गुर्जर अपने साथियों के साथ सुबह गश्त पर थे, तभी बहोड़ापुर तिराहा पर एक एक्टिवा सवार अपने वाहन को लहराते हुए चला आ रहा था। उसे समझाने के लिए पुलिस जवानों ने रोकने का प्रयास किया तो वह घबरा गया और गाड़ी छोड़कर भाग गया। स्कूटर की जांच की तो उस पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। इस तरह गाड़ी छोड़कर भागने और रजिस्ट्रेशन नंबर न होने पर संदेह हुआ कि यह वाहन चोर है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और मोतीझील इलाके में भागे संदेही को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान सुधीर बाल्मीकि निवासी लक्ष्मण तलैया के रूप में हुई है। उसने बरामद एक्टिवा चोरी की बताई। जब पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी तो चोरी के दो और वाहन मिले हैं।

अस्पताल में सफाई कर्मचारी, बताता है डॉक्टर

  • जब पुलिस उसके घर पहुंचकर चोरी के वाहन बरामद कर रही थी तभी पता चला कि वह NSB (नशबंदी केन्द्र) में सफाई कर्मचारी के पद पर पदस्थ है, लेकिन मोहल्ले के लोगों को बताता था कि वह डॉक्टर है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है कि उसने अभी तक कितने वाहन चोरी किए हैं और उन्हें किस-किस को बेचा है। अभी तक 20 वाहन चोरी करना कुबूल कर रहा है।

Share This News :