Home > अपना शहर ,
टोल टैक्स मांगने पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, बंदूके लहराते हुए भागे

ग्वालियर | टोल टैक्स के 40 रुपए मांगने पर कार सवार बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। वह टोल कर्मचारियों को गालियां देने लगे। विरोध करने पर दो बदमाशों ने अपनी लाइसेंसी राइफल से आधा दर्जन से अधिक गोलियां चला दीं।घटना मंगलवार सुबह महाराजपुरा के बरैठा टोल की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही बदमाश हाथों में राइफल लहराते हुए भाग निकले। वहीं पुलिस ने टोल टैक्स बैरियर पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकालकर हंगामा करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

ग्वालियर-भिंड रोड पर महाराजपुरा थाना और मालनपुर थाना की सीमा पर बरैठा टोल टैक्स बैरियर है। मंगलवार सुबह यहां पदस्थ कर्मचारी ओमवीर सिंह ड्यूटी पर था। तभी ग्वालियर से भिंड की ओर जाने वाली सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार को बरेठा टोल पर कर्मचारी ने रोका। कर्मचारी ने देखा कि कार पर फास्टैग नहीं है। तो 40 रुपए टोल के मांगे, लेकिन कार में सवार बदमाश ने अपनी पहचान नीरू कुशवाह निवासी भिंड के रूप में देते हुए कहा हमसे टोल मांगेगा, टोल ही बंद करवा देंगे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसके साथी भी कार से उतर आए और झगड़ा करने लगे। कुछ ही देर में वहां मुंहबाद हाथापाई में बदल गया। कर्मचारियों से मारपीट कर नीरू कुशवाह व उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग होते ही जान बचाकर भागे लोग

  • टोल पर अचानक हुई फायरिंग से वहां पर मौजूद अन्य वाहन जो लाइन में पीछे लगे थे। उनके चालक व अंदर सवार लोग गाड़ियां छोड़कर भागने लगे। बदमाश बेखौफ गोलियां चलाते रहे। आधा दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाने के बाद बदमाश वहां से भाग गए। काफी देर बाद वहां स्थिति सामान्य हो सकी।

CCTV फुटेज से मिले सबूत

  • गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने टोल पर लगे CCTV कैमरे खंगाले तो पूरी वारदात CCTV कैमरे की फुटेज में रिकॉर्ड हुई है। जब पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि नीरू कुशवाह भिंड में हत्या के मामले में आरोपी है। हाल ही में वह जेल से छूटा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर नीरू कुशवाह और उसके अन्य साथियों खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना

  • CSP महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि टोल टैक्स के 40 रुपये मांगने पर कार सवार बदमाशों ने हंगामा किया है। साथ ही फायरिंग की है। CCTV फुटेज के आधार पर महाराजपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share This News :