Home > अपना शहर ,
हाईकोर्ट ने फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदला

ग्वालियर| हाईकोर्ट की युगल पीठ ने मासूम भतीजी से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी चाचा की फांसी की सजा को अंतिम सांस तक आजीवन कारावास की सजा में बदला है। इस दौरान न उसे पैरोल मिलेगी न ही जमानत। सजा बदलने का कारण बताया गया है कि दंड के प्रश्न पर सही से सुनवाई न होना है।

सजा में बदलाव के साथ कोर्ट ने टिप्पणी की है कि आरोपी ने रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद सामान्य सा व्यवहार कर रहा था। पछतावा भी नहीं था, इसलिए उसे अंतिम सांस तक जेल में रखा जाए। आरोपी की पहचान शर्ट के टूटे बटन और उसके चेहरे पर नाखून के निशान से पुलिस ने की थी। यही दो सबूत सजा दिलाने में अहम सबूत सिद्ध हुए थे।

यह है पूरी घटना

  • पनिहार के नयागांव निवासी एक 8 साल की मासूम बच्ची जो कक्षा तीसरी की छात्रा थी। वह 4 जुलाई 2017 को सुबह 11 बजे गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के लिए घर से निकली थी। शाम 4 बजे स्कूल की छुट्‌टी के बाद जब मासूम घर नहीं पहुंची तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल में भी कक्षा की बेंच पर उसका बैग और टिफिन रखा मिला था। स्कूल में 4 बजे तक उसे देखे जाने का भी पता लगा। जिससे यह साफ था कि वह स्कूल आई थी। इसके बाद परिजन ने स्कूल और घर के बीच एक किलोमीटर के रास्ते पर कई बार तलाश किया। पर कुछ पता नहीं चला और परिजन पनिहार थाने पहुंचे। बच्ची के इस तरह लापता होने को पुलिस ने गंभीरता से लिया। बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कुछ पता नहीं लगा। पुलिस को 13 घंटे बाद 5 जुलाई 2017 को सुबह 5 बजे लापता के स्कूल और घर के रास्ते के बीच में रामप्रसाद प्रजापति की खाली पाटौर में मासूम का शव पड़ा मिला था। यह वह जगह थी जहां से पुलिस और परिजन 13 घंटे में 20 बार गुजरे थे। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। बच्ची के गले पर कसने और दुष्कर्म के सबूत मिले थे।

शर्ट के बटन, चेहरे पर नाखून के निशान से हुआ था खुलासा

  • इस मामले में मासूम के साथ दरिंदगी करने वाला उसका ही रिश्ते में चाचा मनोज प्रजापति निकला है। बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या करने के बाद आरोपी 13 घंटे तक भतीजी को ढूंढ़ने का दिखावा करता रहा। बार-बार बच्ची के पिता के साथ थाने आ रहा था। इसी दौरान उसकी शर्ट का एक बटन टूटा होना और चेहरे पर नाखून के निशान से पुलिस को संदेह हुआ था। उसकी शर्ट से मैच करता हुआ बटन पुलिस को स्पॉट पर मिला था। डॉक्टर ने बच्ची के नाखून में स्किन देखी थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। मनोज प्रजापति ने रिश्ते में अपनी भतीजी के साथ नशे में दुष्कर्म करने और हत्या करने की बात कुबूल की थी। मनोज प्रजापति को विशेष सत्र न्यायालय ने 8 मई 2019 को दुष्कर्म, हत्या व पॉक्सो एक्ट में अंतिम सांस तक फांसी के फंदे पर टांगने की सजा सुनाई थी।

अब बदली सजा

  • अंतिम सांस तक फांसी की सजा को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई। 19 जुलाई 2021 को हाई कोर्ट में याचिका पर अंतिम बहस हुई। शासन की ओर से उप महाधिवक्ता राजेश शुक्ला ने तर्क दिया कि आरोपी ने गंभीर अपराध को अंजाम दिया है। उस मासूम के साथ घटना को अंजाम दिया, जिसके रिश्ते में चाचा लगता था। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था। बुधवार को हाई कोर्ट ने फैसला सुना दिया। फांसी की सजा को अाजीवन कारावास में बदल दिया। उसे अंतिम सांस तक जेल में रखा जाएगा। न उसे जमानत मिलेगी न ही पैरोल दी जाएगी।

Share This News :